BDC सदस्य तारा सिंह का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिला, इलाके में मचा हड़कंप
बागेश्वर/कपकोट। कपकोट क्षेत्र के गडेरा से निर्वाचित क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) तारा सिंह कोरंगा (48) का शव शनिवार सुबह उनके आवास के नीचे खीरगंगा नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार तारा सिंह कोरंगा कपकोट नगर पंचायत क्षेत्र में खीरगंगा नदी के किनारे स्थित अपने मकान की तीसरी मंजिल पर रहते थे। घटना की रात वह घर में अकेले थे। उनकी पत्नी और माता-पिता गांव गए हुए थे। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली करीब तीन वर्षीय बच्ची सोनी अपने घर के बरामदे में मुंह धोने पहुंची। इसी दौरान उसकी नजर नीचे पड़े शव पर पड़ी। बच्ची ने इसकी जानकारी अपनी मां को दी, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों के मुताबिक, तारा सिंह के पिता ने रात करीब 8:30 बजे उन्हें फोन किया था, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद भी उन्होंने वापस फोन नहीं किया। ग्रामीणों के अनुसार, तारा सिंह रात करीब 10:20 बजे तक गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में संदेश भेज रहे थे। इसके बाद उनसे किसी का संपर्क नहीं हो सका। सुबह उनका शव मिलने के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
तारा सिंह कोरंगा पिछले पंचायत चुनाव में कपकोट के गडेरा क्षेत्र पंचायत सीट से निर्वाचित हुए थे। स्थानीय लोगों के बीच उनकी पहचान शांत, मिलनसार और जनसमस्याओं को लेकर सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में थी।
उनके निधन की खबर से क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और परिचितों में शोक की लहर है। लोगों ने उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया है। तारा सिंह अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके परिवार में माता-पिता, पत्नी और तीन बच्चे हैं। उनकी बड़ी बेटी का विवाह हो चुका है, जबकि दो अन्य बच्चे अभी परिवार के साथ हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से जांच कर रही है और फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।
तारा सिंह कोरंगा के आकस्मिक निधन से कपकोट सहित पूरे बागेश्वर जिले में शोक का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना जताई है। अब पुलिस जांच के जरिए यह स्पष्ट होने का इंतजार है कि तारा सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

