उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: सविन बंसल बने नियोजन सचिव, आशीष चौहान को देहरादून की कमान

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने शनिवार को प्रशासनिक अमले में एक बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 19 अधिकारियों के तबादले और नई तैनातियों के आदेश जारी किए हैं। कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग द्वारा जारी आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, इस फेरबदल में कई जिलों के जिलाधिकारी और महत्वपूर्ण विभागों के सचिव स्तर के अधिकारी प्रभावित हुए हैं।

राजधानी और कुमाऊं-गढ़वाल में बड़े बदलाव…
आशीष चौहान (IAS-2012) को देहरादून का नया जिलाधिकारी (DM) नियुक्त किया गया है। वे इसके साथ ही स्मार्ट सिटी देहरादून के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (C.E.O.) का पदभार भी संभालेंगे। सविन बंसल (IAS-2009), जो अब तक देहरादून के जिलाधिकारी थे, उन्हें इस जिम्मेदारी से मुक्त कर शासन में सचिव, नियोजन के महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है। आनन्द स्वरूप (IAS-2010) को आयुक्त, गढ़वाल मण्डल, पौड़ी की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले यह अतिरिक्त प्रभार विनय शंकर पाण्डे के पास था।
विनय शंकर पाण्डे (IAS-2007) को सचिव-नागरिक उड्डयन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, आयुक्त-स्वास्थ्य, और चिकित्सा प्रणाली विकास परियोजना (UK Health System Development Project) का परियोजना निदेशक बनाया गया है। बी०वी०आर०सी० पुरूषोत्तम (IAS-2004) को उनके वर्तमान विभागों के साथ सचिव-उच्च शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। अपूर्वा पाण्डेय (IAS-2018) को जिलाधिकारी-बागेश्वर के पद पर तैनात किया गया है। वहीं इस पद पर रहीं आकांक्षा कोण्डे (IAS-2018) को अब महानिदेशक-विद्यालयी शिक्षा और निदेशक-कर्मचारी बीमा योजना की जिम्मेदारी दी गई है। आलोक कुमार पाण्डे (IAS-2016) को नगर आयुक्त, नगर निगम, देहरादून नियुक्त किया गया है। प्रतीक जैन (IAS-2018) को आयुक्त-कर और महानिरीक्षक-निबन्धन का पदभार दिया गया है। संदीप तिवारी (IAS-2017) को मिशन निदेशक-एन०एच०एम० (NHM) और प्रबंध निदेशक-GMVN की दोहरी जिम्मेदारी मिली है। दीप्ति सिंह (IAS-2017) को निदेशक-अल्पसंख्यक कल्याण, प्रबंध निदेशक-अल्पसंख्यक कल्याण निगम, और निदेशक-खेल व युवा कल्याण के पदों पर तैनात किया गया है। शासन की ओर से जारी आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने वर्तमान विभागों से कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती का कार्यभार ग्रहण करने और इसकी आख्या कार्मिक अनुभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

