चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

टी-गार्डन में चला वृहद स्वच्छता अभियान, मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिवस पर लिया सेवा और स्वच्छता का संकल्प

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार सुबह टी-गार्डन, सिलिंगटाक में “सेवा संकल्प अभियान—स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत” के तहत वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। सुबह 7 बजे आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के जन्मदिवस को सेवा, स्वच्छता और जनसहभागिता के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। घर, आसपास के क्षेत्र, सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने में सभी की सहभागिता जरूरी है।

Ad Ad

जिलाधिकारी ने कहा कि चम्पावत प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला जनपद है। ऐसे में पर्यटन एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी का दायित्व है। प्रशासन की ओर से स्वच्छता के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इन प्रयासों को स्थायी बनाने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने जनपदवासियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के साथ जनसेवा और जनभागीदारी की भावना के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जन्मदिवस पर सेवा और स्वच्छता का संकल्प समाज के प्रति जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश देता है।

नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वच्छ एवं सुंदर चम्पावत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने और अपने आसपास नियमित साफ-सफाई रखने की अपील की।

अभियान के दौरान टी-गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। एकत्रित कूड़े का उचित निस्तारण भी किया गया।

अभियान के माध्यम से स्वच्छता को एक दिन के कार्यक्रम के बजाय नियमित व्यवहार और जनआंदोलन का रूप देने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने “स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत-विकसित भारत” के संकल्प के साथ स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ चम्पावत के निर्माण में सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, मुकेश महराना, प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, मंडल अध्यक्ष सुनील पुनेठा, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह, केएमवीएन निदेशक एवं दायित्वधारी रोहित बिष्ट, कैलाश अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।