चम्पावत में नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार: ₹30 लाख की अवैध संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त / अपराधमुक्त देवभूमि” संकल्प के तहत चम्पावत पुलिस ने नशा तस्करों के आर्थिक नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। NDPS एक्ट के तहत नशा तस्करी से अर्जित लगभग ₹30 लाख की अवैध संपत्ति को कुर्क करने के आदेश SAFEMA Court, नई दिल्ली द्वारा जारी किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में चलाए जा रहे “ड्रग फ्री देवभूमि अभियान” के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई। 12 जुलाई 2025 को थाना बनबसा पुलिस ने अभियुक्ता ईशा विश्वकर्मा के कब्जे से 5.688 किलोग्राम अवैध एमडी ड्रग (मेफेड्रोन) बरामद की थी। उसके खिलाफ FIR संख्या 67/2025, धारा 8/21/22/29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि पिथौरागढ़ के पंगरोली-सुआलेख क्षेत्र में नशीले पदार्थों का निर्माण और तस्करी का नेटवर्क चल रहा था। इस मामले में 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। जिनमें राहुल कुमार, कुणाल कोहली, विशाल नरेंद्र भंडारी, ओम जय गोविंद गुप्ता, उपेंद्र सुरेंद्र यादव व अमर कुमार कोहली शामिल हैं। सभी अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजकर आरोप पत्र न्यायालय में प्रेषित कर दिया गया है।
वित्तीय विवेचना के दौरान अभियुक्तों के बैंक खातों में लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन मिले। धारा 68(F) NDPS Act के तहत साक्ष्य प्रस्तुत करने पर SAFEMA Court ने निम्न संपत्तियां फ्रीज/जब्त करने के आदेश दिए- बैंक खातों में जमा धनराशि, स्विफ्ट डिजायर कार, एमजी हेक्टर कार (कुल अनुमानित कीमत: लगभग ₹30 लाख)। पुलिस के अनुसार, विधिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन संपत्तियों की नीलामी की जाएगी।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट (विवेचक) और महिला आरक्षी अंकिता पाठक (एसओजी कार्यालय) की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव ने कहा “नशा तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति किसी भी स्थिति में बख्शी नहीं जाएगी। अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त कर जनपद को नशामुक्त बनाने हेतु कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
चम्पावत पुलिस ने आमजन से नशा तस्करी या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। मानस हेल्पलाइन: 1933। “नशे पर प्रहार — सुरक्षित समाज का आधार” के संदेश के साथ पुलिस का अभियान जारी है।

