चम्पावत पुलिस की बड़ी कामयाबी: नाबालिग से दुष्कर्म और नवजात की बिक्री का एक साल पुराना मामला खुला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
चम्पावत। महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने एक वर्ष पुराने बेहद संवेदनशील और गंभीर मामले का खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है और कथित रूप से बेची गई नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण में गठित विशेष टीम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, वादी ने 25 अक्टूबर 2026 को थाना रीठा साहिब में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त मदन सिंह बोहरा ने दिसम्बर 2025 में उनकी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया कि मामले को छिपाने के लिए कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कराए गए, नाबालिग का प्रसव कराया गया और जन्मी नवजात बच्ची को बेच दिया गया।

प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना रीठा साहिब में 25 अक्टूबर 2026 को FIR संख्या 07/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 65(1), 351(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5J(1), 5J(2), 5N के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की गई। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी और नवजात शिशु की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार निगरानी रखी।
इसी क्रम में 27 नवम्बर शनिवार को पुलिस टीम ने अभियुक्त मदन सिंह बोहरा पुत्र स्व. हयात सिंह बोहरा, उम्र 54 वर्ष, निवासी ग्राम साल, थाना रीठा साहिब, जनपद चम्पावत को न्यायालय परिसर चम्पावत के बाहर से गिरफ्तार कर लिया तथा कथित रूप से बेचे गए नवजात शिशु को भी सकुशल बरामद कर लिया। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सोनिका जोशी विवेचक, उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट प्रभारी एसओजी टनकपुर, अपर उपनिरीक्षक जितेन्द्र मेहरा, निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी, हेड कांस्टेबल महेन्द्र सिंह डंगवाल सर्विलांस शाखा, हेड कांस्टेबल मोहम्मद नासिर, कांस्टेबल कुलदीप सिंह, कांस्टेबल उमेश राज, कांस्टेबल 87 सत्यजीत राणा और कांस्टेबल चालक 06 AP हितेन्द्र सोन शामिल रहे।
गिरफ्तार अभियुक्त को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है और मामले में अग्रिम वैधानिक व विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। चम्पावत पुलिस ने कहा है कि महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत वैज्ञानिक व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी, साथ ही समाज से अपील की है कि बच्चों के प्रति किसी भी प्रकार के शोषण या अपराध की जानकारी तुरंत हेल्पलाइन नंबर 112 आपातकालीन पुलिस सहायता, 1090 महिला हेल्पलाइन या 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन पर दें।

