चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : मानदेय वृद्धि और सालभर काम की मांग पर पीआरडी जवानों का कार्य बहिष्कार पांचवें दिन भी जारी

ख़बर शेयर करें -

30 नवंबर को देहरादून में महा आंदोलन में शामिल होंगे चम्पावत के दर्जनों जवान, अर्धकुंभ, रैतिक परेड और 2027 चुनाव ड्यूटी के बहिष्कार की चेतावनी

चम्पावत। मानदेय में वृद्धि और सालभर रोजगार देने की मांग को लेकर प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) हितकारी संगठन का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पांचवें दिन भी जारी रहा। 25 नवंबर से प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत चम्पावत जिले के सभी तहसील मुख्यालयों में पीआरडी जवान कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे हैं। जवानों के आंदोलन के चलते विभिन्न सरकारी विभागों में वाहन संचालन, कार्यालयी कार्यों सहित अन्य व्यवस्थाएं प्रभावित होने लगी हैं।

Ad

संगठन ने अपनी दो सूत्रीय मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। पीआरडी जवानों ने अर्धकुंभ मेला ड्यूटी, पीआरडी स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाली रैतिक परेड और वर्ष 2027 में होने वाली चुनाव ड्यूटी का भी बहिष्कार करने का ऐलान किया है। संगठन ने मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार को चुनाव में इसके परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी है।

संगठन के संरक्षक रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि प्रदेश संगठन के आह्वान पर दो सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया जा रहा है। इस संबंध में पूर्व में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और जिला युवा कल्याण अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया था। संगठन को उम्मीद थी कि कैबिनेट बैठक में उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा, लेकिन कोई निर्णय नहीं होने से जवानों में नाराजगी है।

उन्होंने बताया कि आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए चम्पावत जिले से दर्जनों पीआरडी जवान 30 नवंबर को देहरादून में आयोजित महा तांडव रैली एवं आंदोलन में प्रतिभाग करेंगे। प्रदर्शन में संगठन के मोहन भट्ट, घनश्याम जोशी, विनोद सिंह, चम्पावत ब्लॉक कमांडर जीवन कापड़ी, शोभा गड़कोटी, निर्मला देवी, रेखा कठायत, सतीश कुमार, सुरेश पांडेय, भुवन राम, कमल किशोर, भुवन प्रसाद और खीमानंद सहित बड़ी संख्या में पीआरडी जवान शामिल रहे।

Ad