खनन के तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी को मारी टक्कर, 15 वर्षीय किशोरी की मौत, सहेली की हालत गंभीर
खत्ता रोड पर शनिवार शाम हुआ दर्दनाक हादसा, दोनों किशोरियां जौलीग्रांट के हिमालयन अस्पताल में भर्ती; पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लेकर शुरू की जांच
देहरादून। राजधानी देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में खनन कार्य में लगे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार दो किशोरियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे में 15 वर्षीय जूही की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी 17 वर्षीय सहेली दीपाली की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ही खनन वाहनों की बेलगाम रफ्तार को लेकर लोगों में आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार राजीव नगर निवासी जूही (15), पुत्री अन्नू और दीपाली (17), पुत्री पवन शनिवार शाम करीब सात बजे स्कूटी से राजीव नगर से नगर चौक की ओर जा रही थीं। इसी दौरान खत्ता रोड पर पीछे से उसी दिशा में आ रहे खनन कार्य में लगे एक ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों किशोरियां सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। दोनों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। देर रात इलाज के दौरान जूही ने दम तोड़ दिया, जबकि दीपाली का अस्पताल में उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची डोईवाला पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मामले में दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
खनन वाहनों की रफ्तार पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि खत्ता रोड समेत डोईवाला क्षेत्र में खनन कार्य में लगे ट्रैक्टर और डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। रिहायशी इलाकों में स्कूली बच्चों और महिलाओं की आवाजाही के बावजूद इन वाहनों की गति पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से खनन वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने, ओवरलोडिंग पर रोक लगाने और शाम के समय रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के संचालन पर सख्ती करने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए तो ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति हो सकती है।

