चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमहादसा

स्वाला के पास खाई में गिरी XUV 300, हादसे में एक युवक की मौत, चार घायल

ख़बर शेयर करें -

25 मीटर गहरी खाई में गिरा था वाहन, चारों घायलों का जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार; एसडीएम बीसी पंत ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

चम्पावत। चम्पावत-टनकपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्वाला–धौन के पास रविवार तड़के हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन और एसडीआरएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी पांचों लोगों को खाई से बाहर निकाला। घायलों को 108 एम्बुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

Ad

जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे एक्सयूवी 300 वाहन संख्या UP 32 MC 7924 स्वाला–धौन के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 25 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। वाहन में पांच लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से पुलिस और 108 एम्बुलेंस को मौके पर भेजा गया।

हादसे में आशीष श्रीवास्तव (37), अंशुमान कुशवाहा (25), अमित शुक्ला (32) और विकास गिरी (30) को मामूली चोटें आईं। चारों को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, वाहन से छिटककर खाई में गिरे अजीत कुशवाहा (27) को बचाव दल ने बाहर निकाला, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इधर, उप जिलाधिकारी बीसी पंत ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली। उन्होंने दुर्घटना में अजीत कुशवाहा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। साथ ही घायलों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

Ad