खोया क्रिकेट बैट ढूंढने थाने पहुंचा मासूम, गोपेश्वर पुलिस ने सीसीटीवी खंगालकर लौटाई चेहरे की मुस्कान
स्कूटी से गिरा था बच्चे का पसंदीदा बैट, वाहन चालक उठा ले गया था; पुलिस ने तलाश कर किया सुपुर्द
गोपेश्वर/चमोली। किसी बच्चे के लिए उसका पसंदीदा क्रिकेट बैट सिर्फ खेल का सामान नहीं, बल्कि उसकी खुशियों का हिस्सा होता है। ऐसा ही एक मामला गोपेश्वर में सामने आया, जहां खोया क्रिकेट बैट वापस पाने की उम्मीद लेकर थाने पहुंचे मासूम को पुलिस ने निराश नहीं किया।
कुंजौ मैकोट निवासी बालक रविन्द्र सिंह बिष्ट का क्रिकेट बैट स्कूटी से जाते समय रास्ते में गिर गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक वाहन चालक ने बैट उठाकर अपने वाहन में रख लिया। अपना पसंदीदा बैट खोने से मायूस रविन्द्र मदद की आस लेकर थाना गोपेश्वर पहुंचा और पुलिस से बैट ढूंढने की गुहार लगाई।

मासूम की परेशानी को समझते हुए थानाध्यक्ष नवनीत भण्डारी ने तत्काल पुलिस टीम को बैट की तलाश में लगाया। टीम ने नगर क्षेत्र में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर बैट उठाकर ले जाने वाले वाहन का पता लगाया गया और लगातार प्रयासों के बाद क्रिकेट बैट बरामद कर बालक को सौंप दिया गया। अपना खोया हुआ बैट वापस पाकर रविन्द्र के चेहरे पर खुशी लौट आई। बच्चे की मुस्कान देखकर पुलिसकर्मियों के चेहरे भी खिल उठे। गोपेश्वर पुलिस की इस पहल की सराहना हो रही है। पुलिस के लिए यह महज एक क्रिकेट बैट की बरामदगी नहीं, बल्कि एक मासूम की खुशी लौटाने का प्रयास था।

