उत्तराखण्डनवीनतमपौड़ीहादसा

पौड़ी में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ईको कार; 7 महिलाओं समेत चालक की मौत की खबर

ख़बर शेयर करें -

रिखणीखाल-सतपुली मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास 100 मीटर गहरी खाई में गिरा वाहन, बैणी-भुली योजना के काम से लौट रही थीं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, पांच घायल

पौड़ी/कोटद्वार। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात लोगों की मौत की सूचना है, जबकि पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई।

Ad

जानकारी के अनुसार, वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे। इनमें रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण गांव की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं भी शामिल थीं। बताया जा रहा है कि महिलाएं बैणी-भुली योजना से संबंधित फॉर्म भरवाने और बैंक का काम निपटाने के लिए सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक और छह महिलाओं की मौत होने की जानकारी सामने आई है। वाहन चालक की पहचान वाहन मालिक अनिल देवराड़ा के रूप में बताई जा रही है। दुर्घटना में पांच अन्य लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई।

ग्रामीणों और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। इसके बाद पुलिस, राजस्व विभाग और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से राहत एवं बचाव दल रवाना किए गए। लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं।

खाई में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलें आईं। वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए बचावकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की गई।

गांव में पसरा मातम

इस हादसे से भंगलवाण और आसपास के गांवों में शोक की लहर है। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं सरकारी योजना से संबंधित काम निपटाकर घर लौट रही थीं, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मृतकों और घायलों की संख्या तथा पहचान को लेकर प्रशासन की अंतिम आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Ad