उधम सिंह नगर में फर्जी RTO कार्यालय का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, 75 डुप्लीकेट RC और 7 DL बरामद
निजी कारों में चला रहे थे अवैध आरटीओ कार्यालय, सरकारी फीस से अधिक वसूलते थे रकम; लैपटॉप, प्रिंटर और दो वाहन भी कब्जे में
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर में उत्तराखंड एसटीएफ ने फर्जी आरटीओ कार्यालय का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी आरटीओ कार्यालय के पास अपनी निजी गाड़ियों में बैठकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली कर रहे थे। जांच में डुप्लीकेट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और ड्राइविंग लाइसेंस (DL) तैयार कराए जाने का मामला भी सामने आया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस समेत बड़ी संख्या में दस्तावेज बरामद किए हैं।

एसटीएफ के मुताबिक, कुमाऊं यूनिट को सूचना मिली थी कि रुद्रपुर आरटीओ कार्यालय के पास कुछ लोग वाहन स्वामियों से आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज बनवाने के नाम पर निर्धारित सरकारी शुल्क से अधिक रकम वसूल रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ ने थाना पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दबिश दी। इस दौरान दो अलग-अलग वाहनों में बैठे संदिग्धों को पकड़ा गया। एक वाहन से प्रवीण बाछाड़ निवासी चन्दीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन से लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन निवासी ट्रांजिट कैंप को गिरफ्तार किया गया।
निजी गाड़ियों में बना रखा था अवैध कार्यालय
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी निजी गाड़ियों को ही अवैध कार्यालय की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। लैपटॉप और प्रिंटर की मदद से वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित किया जा रहा था। आरोपी सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर वाहन स्वामियों से अधिक रकम वसूलते थे। जांच में कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराकर लोगों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है।
75 आरसी और 7 ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 7 ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 और आरसी के साथ आधार कार्ड व पैन कार्ड की प्रतियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, इंटरनेट डिवाइस और दो वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है। एसटीएफ अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। साथ ही इस फर्जीवाड़े में शामिल अन्य लोगों और अब तक की गई अवैध वसूली का पता लगाया जा रहा है। एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि आरटीओ सहित किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य केवल अधिकृत माध्यमों से कराएं और अनजान व्यक्तियों को अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज न सौंपें।

