चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमहादसा

टनकपुर-खटीमा हाईवे पर खड़ी कार को ट्रक ने मारी टक्कर, दो युवक गंभीर

ख़बर शेयर करें -

कार को करीब 20 मीटर तक घसीटता ले गया ट्रक, दोनों घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया

टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर-खटीमा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिचई गांव के पास मंगलवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ी राजस्थान नंबर की कार को विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक कार को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार कार संख्या RJ-01-UA-8024 में छह लोग सवार थे। बिचई के पास कार का टायर पंचर हो गया था, जिसके चलते वाहन को सड़क किनारे सफेद पट्टी के अंदर खड़ा कर टायर ठीक किया जा रहा था। इसी दौरान ट्रक संख्या UK-01-CA-0681 कथित तौर पर गलत दिशा में अनियंत्रित होकर आया और खड़ी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

घायल युवराज व दिशांत

हादसे में युवराज पुत्र नवीन, उम्र 23 वर्ष, निवासी राजस्थान और दिशांत पुत्र ललित, उम्र 23 वर्ष, निवासी राजस्थान गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों, पुलिस और उनके साथियों की मदद से दोनों को 108 एंबुलेंस से उप जिला चिकित्सालय टनकपुर पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉ. नोनिहाल सिंह और डॉ. मानवेंद्र शुक्ला ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। डॉ. मानवेंद्र शुक्ला के अनुसार युवराज के चेहरे, कमर और हाथ में गंभीर चोटें हैं, जबकि दिशांत के सिर और हाथ में चोट लगी है। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए मंगलवार सुबह उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

कार में सवार उनके साथी यश प्रताप मेवारा (25), रोहन शर्मा (18), बैरेडन फरेनडिस (18) और खुश चौधरी (23) ने बताया कि कार का टायर पंचर होने के बाद वे सड़क किनारे वाहन खड़ा कर टायर ठीक कर रहे थे। इसी दौरान ट्रक गलत दिशा से आया और कार को जोरदार टक्कर मारते हुए करीब 20 मीटर तक घसीट ले गया।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। वरिष्ठ उप निरीक्षक सुरेंद्र कोरंगा ने बताया कि मामले में अभी किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।