गहरी खाई में गिरी स्कूटी, एक युवती की गई ज़िंदगी, परिजनों में कोहराम
कोटद्वार/पौड़ी। कोटद्वार दुगड्डा लैंसडाउन मार्ग पर एक स्कूटी खाई में समा गई। हादसे में स्कूटी सवार युवती की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पौड़ी जिले के कोटद्वार की निवासी 20 वर्षीय प्रियांशी रावत पुत्री भूपेंद्र सिंह व 20 वर्षीय निधिता स्कूटी में सवार होकर रविवार को लैंसडाउन घूमने के लिए निकली थी। इस दौरान जैसे ही उनकी स्कूटी कोटद्वार दुगड्डा लैंसडाउन मार्ग पर चूनाधार मोड़ के पास पहुंची, तो चूनाधारा में अचानक एक वाहन का दरवाजा खुलने के कारण स्कूटी सवार युवती घबरा गई। घबराहट के चलते युवती स्कूटी पर से नियंत्रण खो बैठी और स्कूटी 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे को घटित होता देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों व पुलिस प्रशासन की टीम ने दोनों युवतियों को खाई से बाहर निकाला। जिसके बाद दोनों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दुगड्डा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अंदरुनी चोट का अंदेशा जताते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। जहां पर उपचार के दौरान प्रियांशी रावत ने दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी घायल युवती निधिता का उपचार जारी है।

