उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमराजनीति

उत्तराखंड : विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, तीन लोकसभा सीटों पर संगठनात्मक बैठक में बनी रणनीति

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव में दोबारा जीत दर्ज करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में गढ़वाल मंडल की टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार लोकसभा सीटों के सांसदों, विधायकों और जिलाध्यक्षों की बैठक हुई। बैठकों में चुनावी रणनीति, संगठन की मजबूती और जनता से संवाद बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में तय किया गया कि आगामी दिनों में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में प्रबुद्ध वर्ग, पूर्व सैनिक, युवा, महिला और अल्पसंख्यक वर्ग के सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता से लेकर संगठन के निचले स्तर तक अधिक से अधिक संवाद बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। भाजपा ने डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर भी जोर दिया। संगठन से जुड़े पदाधिकारियों से कहा गया कि सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाया जाए और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में कार्यकर्ता सक्रिय भूमिका निभाएं।

Ad Ad

टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार सीटों पर हुआ मंथन

बैठकों की शुरुआत टिहरी लोकसभा सीट से हुई। सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह स्वास्थ्य खराब होने के कारण बैठक में शामिल नहीं हो सकीं, जबकि कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के चलते मौजूद नहीं रहे। इसके बाद पौड़ी और हरिद्वार लोकसभा क्षेत्रों की संगठनात्मक बैठक हुई।

बैठक में जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव दिए। हरिद्वार को भाजपा के लिए अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण क्षेत्र मानते हुए यहां पार्टी का प्रदर्शन बेहतर करने और विपक्ष के मजबूत क्षेत्रों में सेंध लगाने की रणनीति पर विशेष चर्चा हुई। स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अलग-अलग रणनीति बनाने और उन्हें बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

12,453 बूथों के हिसाब से तैयार होगा संगठन

भाजपा ने अपने ‘बूथ जीतो, चुनाव जीतो’ के मंत्र को चुनावी तैयारियों का आधार बनाया है। पार्टी के अनुसार प्रदेश में पहले 11,729 बूथ थे, जिनकी संख्या अब बढ़कर 12,453 हो गई है। नए बूथों के अनुसार संगठन को तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके तहत नए बूथों पर अध्यक्ष और कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, कुंदन परिहार और तरुण बंसल समेत विधायक और जिलाध्यक्ष बैठक में मौजूद रहे।

आपदा के दौरान जनता के बीच रहने का आह्वान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने में संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मिलकर जनता की सेवा करें और क्षेत्र के जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाएं।

कमजोर और हारी हुई सीटों पर विशेष फोकस

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि बैठकों में आगामी चुनाव में जीत के लिए आवश्यक कार्यक्रमों और रणनीति पर चर्चा हुई। विधायकों को विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक हिस्से में प्रवास करने, जनता से संवाद बढ़ाने और क्षेत्र की राजनीतिक एवं विकास संबंधी परिस्थितियों को समझने पर जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि सरकार से ऐसे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई, जो विधानसभा क्षेत्रों के विकास के साथ राजनीतिक रूप से भी सकारात्मक प्रभाव डाल सकते हैं। युवाओं, महिलाओं और पूर्व सैनिकों के कार्यक्रमों को लेकर भी विस्तृत विमर्श हुआ।

भट्ट के अनुसार विधायकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की राजनीतिक परिस्थितियों, जनता की समस्याओं और उनके समाधान के सुझावों से संगठन को अवगत कराया। विधायक, मंडल पदाधिकारी और प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों के बीच समन्वय को और बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई। हारी हुई और कमजोर विधानसभा सीटों पर विशेष कार्यक्रम चलाकर उन्हें जीतने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।

‘हरिद्वार में इस बार अधिक सीटें जीतेंगे’: त्रिवेंद्र रावत

पूर्व मुख्यमंत्री और हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि पार्टी इस बार अधिक मेहनत करेगी। उन्होंने माना कि पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले में भाजपा का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं रहा था, लेकिन इस बार स्थिति में सुधार की उम्मीद जताई।

उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से दिए गए कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा और इस बार हरिद्वार जिले में भाजपा पहले से अधिक विधानसभा सीटें जीतने का प्रयास करेगी।

विकास के ट्रैक रिकॉर्ड पर चुनाव लड़ेगी भाजपा: अनिल बलूनी

राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि भाजपा हर चुनाव में मेहनत करती है और इस बार पिछली कमियों को दूर करते हुए और अधिक मेहनत की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी तैयारी विकास आधारित है। डबल इंजन सरकार के कार्यों और उत्तराखंड में पिछले वर्षों के विकास को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यों और पार्टी के ट्रैक रिकॉर्ड के आधार पर ही आगामी चुनाव की तैयारी की जा रही है। बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड के विकास को लेकर भाजपा का जो विजन है, उसी के आधार पर पार्टी आगे बढ़ेगी।