ट्रक ऑपरेटर महासंघ ने दी चक्का जाम की चेतावनी, 20 अगस्त से हड़ताल का ऐलान
हल्द्वानी। पुलिस उत्पीड़न, अनावश्यक चालान, लंबे समय से लंबित मांगों और भाड़े में बढ़ोतरी नहीं होने से नाराज उत्तराखंड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ ने 20 अगस्त से प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। महासंघ ने चक्का जाम के संबंध में परिवहन मंत्री और शासन को नोटिस भेज दिया है।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी ने कहा कि वर्षों से शासन स्तर पर वार्ता के बावजूद ट्रक संचालकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिविल पुलिस, सीपीयू और हाईवे पेट्रोलिंग द्वारा लगातार अनावश्यक चालान किए जा रहे हैं।
महासंघ की प्रमुख मांग है कि वाहनों के चालान का अधिकार केवल परिवहन विभाग तक सीमित किया जाए और सिविल पुलिस, सीपीयू व हाईवे पेट्रोलिंग द्वारा किए जाने वाले अनावश्यक चालानों पर तत्काल रोक लगाई जाए।

इसके अलावा महासंघ ने कैंची धाम, चारधाम यात्रा और वीवीआईपी मूवमेंट के नाम पर ट्रकों पर बार-बार लगाए जाने वाले प्रतिबंधों का भी विरोध किया है। महासंघ का कहना है कि प्रतिबंधों के कारण ट्रक संचालकों को साल में करीब 120 दिनों तक काम प्रभावित होने से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
महासंघ ने ट्रक संचालकों की समस्याओं का स्थायी समाधान किए जाने और भाड़े में उचित बढ़ोतरी की मांग भी उठाई है। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 20 अगस्त से चक्का जाम किया जाएगा।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी के अलावा ललित पाठक, दयाकिशन शर्मा, गिरीश मलकानी, रोहित रौतेला, हरजीत सिंह चड्ढा, नीरज नेगी, जगमोहन उप्रेती, भास्कर जोशी, वीरेंद्र सिंह, हरीश जोशी, राजेश नौलिया, नवीन, अनिल सिंह, करण मनराल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

