चंपावतटनकपुरनवीनतम

टनकपुर में नगर पालिका का अतिक्रमण और सफाई अभियान, 16 चालान कर ₹5,550 जुर्माना वसूला

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से अधिशासी अधिकारी ऋषभ उनियाल के नेतृत्व में मेन मार्केट और शास्त्री चौक क्षेत्र में अतिक्रमण एवं सफाई व्यवस्था को लेकर अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाते हुए कुल 16 चालान किए गए और ₹5,550 का जुर्माना वसूला गया।

अभियान के पहले चरण में मेन मार्केट क्षेत्र में ठेली-ठेला विक्रेताओं और अन्य अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सड़क पर आगे तक लगाई गई ठेलियों को पीछे कराया गया और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे राहगीरों और आमजन के आवागमन के लिए रास्ता सुगम हुआ।

Ad Ad

इसके बाद टीम ने शास्त्री चौक क्षेत्र में अभियान चलाया। यहां कुछ कबाड़ी दुकानदारों द्वारा दुकानों का कबाड़ और अन्य सामान सड़क तक फैलाकर रखा गया था। नगर पालिका की टीम ने कार्रवाई करते हुए सामान को पीछे कराया। साथ ही क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान कुल 16 चालान कर ₹5,550 का अर्थदंड वसूला गया। कार्रवाई के बाद इसका असर भी दिखाई दिया। कई दुकानदार स्वयं अपनी दुकानों के आगे सफाई करते और सामान को व्यवस्थित करते नजर आए। नगर पालिका ने फल, सब्जी, ठेली-ठेला विक्रेताओं, दुकानदारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के आसपास नियमित साफ-सफाई रखें और किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करने की अपील की गई।

नगर पालिका ने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण, गंदगी, सार्वजनिक स्थानों पर सामान फैलाने और प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पालिका ने व्यापारियों और आमजन से स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त टनकपुर बनाने में सहयोग की अपील की है। अभियान में वरिष्ठ लिपिक बसंत राज चंद, विनोद बिष्ट, अनुराधा, प्रिया बिष्ट, हेमंत टंडन, अजय सजवान, शगुन सक्सेना, उर्मिला, विशाल, रामरतन, राकेश कुमार, श्याम सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।