टनकपुर: शारदा बैराज में डूबे नेपाल APF जवान का शव बरामद, डूबा था चाचा के साथ
टनकपुर/चम्पावत। टनकपुर स्थित शारदा बैराज और नेपाल सीमा के पास नदी किनारे से दो शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान नेपाल सशस्त्र पुलिस बल (APF) के जवान ओमप्रकाश पुन और उनके चाचा तीर्थ थापा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार घटना बीते 29 मई की है, जब 28 वर्षीय ओमप्रकाश पुन अपने 65 वर्षीय चाचा तीर्थ थापा के साथ परी गांव में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दोनों अचानक नदी के गहरे पानी में समा गए और डूब गए। काफी खोजबीन के बाद सोमवार को चाचा तीर्थ थापा का शव नेपाल में नदी के किनारे तैरता हुआ मिला। वहीं, जवान ओमप्रकाश का शव शारदा बैराज से बरामद किया गया। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मृतक के बड़े भाई महेंद्र पुन सहित अन्य परिजन टनकपुर पहुंचे। मृतक ओमप्रकाश अपने पीछे एक बेटा छोड़ गए हैं।

