उत्तराखण्डदेहरादूननवीनतमराजनीति

संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु बनें प्रकोष्ठ, मुख्यमंत्री पुष्कर धामी का कार्यकर्ताओं को संदेश

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रदेश प्रकोष्ठों की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संगठन और सरकार के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कार्यकर्ताओं से मिशन मोड में जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की क्षमता, अनुभव और समर्पण के बल पर देश की सबसे मजबूत राजनीतिक शक्ति बनी है और अब प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाली जीवंत विचारधारा है। समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की सोच और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने में विभिन्न प्रकोष्ठों की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा, सहकारिता, सांस्कृतिक, व्यवसायिक, खेल, पर्यटन और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में सक्रिय प्रकोष्ठ भाजपा को समाज के हर वर्ग से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

Ad Ad

उन्होंने कहा कि भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों के बीच सबसे बड़ा अंतर यह है कि भाजपा राजनीति को सत्ता प्राप्ति का माध्यम नहीं बल्कि सेवा का माध्यम मानती है। अन्य दल चुनाव के समय जनता के बीच पहुंचते हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता वर्षभर समाज सेवा में सक्रिय रहते हैं। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ की भूमिका को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित युवाओं की टीम तैयार की जानी चाहिए, जो आपदा के समय ‘फर्स्ट रिस्पॉन्डर’ के रूप में राहत एवं बचाव कार्यों में तत्काल जुट सकें। उन्होंने कहा कि जनता के बीच यह विश्वास मजबूत होना चाहिए कि संकट की हर घड़ी में भाजपा कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा है।

स्वयं सहायता समूह प्रकोष्ठ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लाखों महिलाएं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘लखपति दीदी’ अभियान को आगे बढ़ाने में इन समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पदाधिकारियों से महिला समूहों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उनके आर्थिक सशक्तिकरण के प्रयासों को गति देने का आह्वान किया।

पर्यटन गतिविधि प्रकोष्ठ की भूमिका पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा और आदि कैलाश जैसे धार्मिक स्थलों पर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना राज्य में विकसित हो रही बेहतर सुविधाओं का प्रमाण है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों और राज्य में हुए सकारात्मक परिवर्तनों की जानकारी देने पर जोर दिया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रकोष्ठ पार्टी की महत्वपूर्ण शक्ति हैं। समाज के विभिन्न वर्गों तक पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों को शीघ्र मंडल स्तर तक अपनी टीमों का गठन पूरा करने तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।