संदिग्ध हालात में व्यक्ति की मौत, घर के अंदर मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में एक 48 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। कृष्णा विहार कॉलोनी स्थित घर के अंदर व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के नाक-मुंह से खून निकलने तथा शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला रहस्यमय बन गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मौत के कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद होने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कमलेश चंद्र दुबे पुत्र रामदास दुबे निवासी कृष्णा विहार कॉलोनी, फुलसुंगा, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम पड़ोस में रहने वाले लोगों को काफी देर तक घर के अंदर कोई हलचल दिखाई नहीं दी। इसी दौरान पड़ोसी ने घर के बंद गेट से अंदर झांककर देखा तो व्यक्ति पेट के बल जमीन पर पड़े हुए दिखाई दिए। उसके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। घटना की जानकारी तुरंत परिजनों और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घर के अंदर जाने का प्रयास किया। बाद में दरवाजे का कुंडा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया गया। अंदर पहुंचने पर व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक के नाक और मुंह से खून निकल रहा था तथा घुटनों पर चोट के निशान भी पाए गए। वहीं कमरे की तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक को शराब पीने की आदत थी, हालांकि मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। वहीं परिजनों और स्थानीय लोगों की नजर अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके।

