चम्पावत : फार्मासिस्टों को सशक्त बनाने पर मंथन, दुर्गम क्षेत्रों में सुविधाएं बढ़ाने की उठी मांग
विश्व फार्मेसी दिवस पर जिला अस्पताल में गोष्ठी, 392 स्थगित पद बहाल करने और अतिरिक्त पद सृजित करने की मांग
चम्पावत। विश्व फार्मेसी दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला चिकित्सालय चम्पावत में “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना” थीम पर गोष्ठी आयोजित की गई। संगठन के बैनर तले आयोजित कार्यक्रम में सेवानिवृत्त मुख्य फार्मेसी अधिकारी मोहन चंद्र जोशी मुख्य अतिथि रहे। जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी और प्रांतीय महामंत्री डॉ. सतीश चंद्र पांडे विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी ने की।
मुख्य अतिथि मोहन चंद्र जोशी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि धरातल पर कार्य कर रहे फार्मेसी अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाने जरूरी हैं। सीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी ने कहा कि चिकित्सकों द्वारा परामर्शित दवाओं का सही और सुरक्षित वितरण मरीजों की गुणवत्तापूर्ण देखभाल का अहम हिस्सा है। उन्होंने फार्मासिस्टों की समस्याओं के सकारात्मक निस्तारण के लिए चिकित्सालय प्रशासन की ओर से सहयोग का भरोसा दिया।


गोष्ठी में इस वर्ष की थीम पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने औषधि सुरक्षा, दवाओं के सही उपयोग, उचित खुराक, सुरक्षित भंडारण और मरीजों को दवा संबंधी परामर्श में फार्मासिस्टों की भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड के दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों में फार्मासिस्ट प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रहे हैं। जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी गोस्वामी ने दुर्गम क्षेत्रों में तैनात फार्मेसी अधिकारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उपकेंद्रों के स्थगित 392 पदों को बहाल करने तथा बड़े चिकित्सालयों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में अतिरिक्त पद सृजित करने की मांग उठाई।
प्रांतीय महामंत्री डॉ. सतीश पांडे ने संगठन की ओर से प्रांतीय स्तर पर की जा रही कार्यवाहियों और शासन स्तर पर चल रही वार्ताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फार्मेसी संवर्ग के अधिकारों और मांगों को लेकर संगठन लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री रोशन लाल विश्वकर्मा ने किया। गोष्ठी में उपाध्यक्ष मनोज पुनेठा, कोषाध्यक्ष गिरीश खर्कवाल, संप्रेक्षक तान सिंह, मुख्य फार्मेसी अधिकारी भूपेश जोशी, मनोज कुमार टम्टा, प्रेम राम टम्टा, प्रमोद कुमार पांडे समेत जनपद के विभिन्न दुर्गम क्षेत्रों से आए फार्मेसी अधिकारी मौजूद रहे।

