टनकपुर में आयोजित हुआ बहुउद्देशीय शिविर, 500 से अधिक लोगों को मिला योजनाओं का लाभ
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में 90 शिकायतें और आवेदन प्राप्त, मौके पर हुआ कई समस्याओं का समाधान
टनकपुर/चम्पावत। सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज टनकपुर में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाओं और योजनाओं का लाभ दिया। शिविर में 500 से अधिक लोगों ने विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया, जबकि 90 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग से 52, होम्योपैथिक विभाग से 55, आयुष से 50, पशुपालन से 51, डेयरी से 32, सहकारिता से 30, राजस्व से 26, उद्यान से 49, कृषि से 24, कौशल विकास एवं सेवायोजन से 12, मत्स्य से 17, महिला एवं बाल विकास से 20 तथा पंचायती राज विभाग से 10 लाभार्थियों सहित अन्य विभागों के माध्यम से भी लोगों को विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला। जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।


शिविर में कई मामलों में तत्काल कार्रवाई भी की गई। देवीदत्त जोशी के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के मामले में जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार ने नियमानुसार 6,500 रुपये की सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराई। गैंडाखाली निवासी रोशन सिंह की स्थायी निवास प्रमाणपत्र संबंधी समस्या पर ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर और एसडीएम पूर्णागिरि को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। थ्वालखेड़ा की नीलावती के एपीएल राशन कार्ड को बीपीएल श्रेणी में करने, नायकगोठ की कंचन देवी की सोलर लाइट व सीसी मार्ग, मझगांव के लोगों की सीसी मार्ग, थ्वालखेड़ा की हेमा जोशी के पंचायत नाम संशोधन और हीरा देवी की आर्थिक सहायता संबंधी मांगों पर भी संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।




जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ का उद्देश्य लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाकर प्रशासन और सरकारी सेवाओं को उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि टनकपुर में आयोजित यह पहला शिविर है और जनपद में इसके बाद आठ अन्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सहकारिता विभाग ने सेवा संकल्प अभियान के तहत चम्पावत सहकारी समिति के सदस्यों को दीनदयाल योजना के अंतर्गत शून्य ब्याज पर ऋण के चेक भी वितरित किए। भुवन राम को सुधारक पशु के लिए 1.50 लाख रुपये तथा गणेश कुमार, पूरन लाल और मोहन कुमार को पोल्ट्री के लिए 1.60-1.60 लाख रुपये के चेक दिए गए। कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री मनोज कालाकोटी, किरन देवी, विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा, सीडीओ अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

