चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : जिलाधिकारी ने किया देवभूमि रजत जयंती पार्क का स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

आधुनिक सुविधाओं के साथ कुमाऊंनी संस्कृति की झलक बनेगा आकर्षण का केंद्र

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘आदर्श चम्पावत’ विजन को साकार रूप देने की दिशा में जनपद मुख्यालय के नागनाथ वार्ड में विकसित किया जा रहा ‘देवभूमि रजत जयंती पार्क’ तेजी से मूर्त रूप ले रहा है। यह पार्क न केवल नगर की सुंदरता को नई पहचान देगा, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और आधुनिक सुविधाओं का समन्वित उदाहरण भी प्रस्तुत करेगा।

Ad Ad

मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-670/2024 के अंतर्गत ₹133.10 लाख की लागत से निर्मित हो रहे इस महत्वाकांक्षी पार्क का कार्य नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा तीव्र गति से कराया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समयबद्धता की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखा तथा संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि मई माह तक हर हाल में निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, ताकि जनमानस को शीघ्र ही इस पार्क की सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्माण में पारंपरिक कुमाऊंनी स्थापत्य शैली को प्राथमिकता दी जाए, जिससे यह पार्क केवल एक मनोरंजन स्थल न होकर जनपद की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक भी बने। जिलाधिकारी ने कहा कि इस पार्क को हर आयु वर्ग के लिए उपयोगी, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाए जाने की परिकल्पना के साथ विकसित किया जा रहा है। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की अलग-अलग आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इसकी रूपरेखा तैयार की गई है।

अधिशासी अधिकारी, नगरपालिका परिषद चम्पावत भरत त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 2600 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित हो रहे इस पार्क का करीब 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। पार्क का मुख्य प्रवेश द्वार विशेष रूप से कुमाऊंनी शैली में निर्मित किया जा रहा है, जो क्षेत्रीय कला और परंपरा की जीवंत झलक प्रस्तुत करेगा। पार्क में आगंतुकों के लिए 100 मीटर लंबा आकर्षक पाथ-वे विकसित किया जा रहा है, जिससे भ्रमण करने वालों को सुकूनभरा अनुभव मिलेगा। बच्चों के लिए दो पृथक प्ले जोन (120 एवं 150 वर्ग मीटर) तैयार किए जा रहे हैं, जिनमें स्लाइड, झूले (स्विंग) और सी-सॉ जैसे आधुनिक खेल उपकरण स्थापित किए जाएंगे। वहीं, बुजुर्गों के लिए योग एवं व्यायाम हेतु विशेष क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जहां वे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा दे सकेंगे।

इसके अतिरिक्त पार्क में ओपन जिम की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसमें चेस्ट प्रेस, एयर वॉकर, शोल्डर प्रेस एवं ट्विस्टर जैसे उपकरण लगाए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को खुले वातावरण में व्यायाम का अवसर मिल सके। सौंदर्यकरण के दृष्टिगत पार्क में हरित क्षेत्र (ग्रीन स्पेस) का विशेष विकास किया जा रहा है। साथ ही आकर्षक फाउंटेन (फव्वारा) एवं पाँच कलात्मक मूर्तियों (स्कल्पचर्स) की स्थापना की जाएगी, जो इस पार्क को एक विशिष्ट पहचान प्रदान करेंगी। बैठने की व्यवस्था के लिए 10 गार्डन बेंच लगाई जा रही हैं, जिससे आगंतुक आरामदायक समय व्यतीत कर सकेंगे।


सुरक्षा एवं सुविधा के दृष्टिकोण से पार्क में 8 एलईडी स्ट्रीट लाइटें, स्वच्छ पेयजल के लिए वॉटर पॉइंट, एक सुव्यवस्थित गार्ड रूम तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने हेतु सोवेनियर शॉप का भी निर्माण किया जा रहा है।यह व्यवस्था न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर भी सृजित करेगी।

जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कहा मुख्यमंत्री की घोषणाओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। इस दौरान अधिशासी अधिकारी नगरपालिका परिषद चम्पावत भरत त्रिपाठी, सिटी मैनेजर महेश चौहान, सूरज प्रहरी, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad Ad