चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

चम्पावत : जिलाधिकारी ने किया जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, गर्मी में मरीजों को राहत देने के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। जनपद में बढ़ती गर्मी और हीट वेव की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों एवं तीमारदारों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और गर्मी के मौसम में किसी भी असुविधा से बचाने के लिए व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर में पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, जन औषधि केंद्र, शौचालयों की स्वच्छता और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं को और बेहतर व सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने आईसीयू वार्ड का भी दौरा कर भर्ती मरीजों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में वातानुकूलन व्यवस्था, साफ-सफाई, उपकरणों की उपलब्धता और मरीजों को दी जा रही चिकित्सीय सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिए कि अस्पताल में लगे सभी एसी की समय-समय पर सर्विसिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों और तीमारदारों को गर्मी से राहत मिल सके।

Ad Ad

निरीक्षण के दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया कि जिला अस्पताल में पेयजल एवं जलापूर्ति की व्यवस्था हर समय सुचारु रखी जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल में पानी की उपलब्धता किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने एक तीमारदार से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज एवं तीमारदार के साथ संवेदनशील व सहज व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की समस्या या असुविधा होने पर मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अथवा संबंधित चिकित्सक को सीधे जानकारी दें, ताकि तत्काल कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने हेतु नियमित निरीक्षण जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हीरा सिंह ह्यांकी सहित अन्य अधिकारी एवं चिकित्साकर्मी मौजूद रहे।

Ad Ad