चम्पावत : 49 शिकायतों पर जिलाधिकारी ने की सुनवाई, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
चम्पावत। शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापरक समाधान के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक ‘जनता मिलन कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक एवं विकास संबंधी कुल 49 शिकायतें एवं समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने विगत सप्ताह में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।
ग्राम बिलौन निवासी सोबन सिंह द्वारा वृद्धावस्था पेंशन एवं किसान सम्मान निधि प्राप्त न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को दो दिवस के भीतर वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराने तथा मुख्य कृषि अधिकारी को किसान सम्मान निधि से संबंधित समस्त औपचारिकताएं पूर्ण कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। ग्राम बिलोटासेन निवासी दिवान सिंह मेहता द्वारा सीसी मार्ग निर्माण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी चम्पावत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। वहीं घेरबाड़ संबंधी समस्या पर मुख्य कृषि अधिकारी तथा सोलर ऊर्जा से संबंधित विषय पर उरेडा विभाग को आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
ग्राम राई खकोड़ा निवासी नारायण सिंह द्वारा बीपीएल राशन कार्ड बनाए जाने के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी बाराकोट को पात्रता की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम बडोली निवासी लक्ष्मी दत्त द्वारा घर के समीप से गुजर रही विद्युत लाइन से उत्पन्न खतरे की शिकायत पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को सुरक्षा मानकों की जांच कर आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। ग्राम कोट अमोड़ी निवासी गोबिंद बल्लभ द्वारा साइबर अपराध से संबंधित शिकायत दर्ज कराए जाने पर जिलाधिकारी ने पुलिस साइबर सेल को मामले की तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम दयारतोली निवासी जगदीश सिंह मेहता द्वारा आधार कार्ड में जन्मतिथि संशोधन के अनुरोध पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को प्रार्थी का सहयोग करते हुए नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम ककनई निवासी मान सिंह द्वारा पेयजल समस्या की शिकायत दर्ज कराए जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता पेयजल निगम को क्षेत्र में सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त पाइप लाइनों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने हेतु अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने स्वजल विभाग को गांव में निर्मित सामुदायिक शौचालय की जांच करने के भी निर्देश दिए।
कृष्णानंद पाठक द्वारा जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु तारबाड़ लगाने की मांग पर जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने तथा सोलर वाटर पंप की आवश्यकता के संबंध में अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त ग्राम ढकना निवासी पवन सिंह भंडारी द्वारा ढकना, बडोला एवं डूंगरासेठी के मध्य पुलिया निर्माण, भैरवा वार्ड निवासी अनिल सिंह तड़ागी द्वारा स्वरोजगार हेतु आर्थिक सहायता तथा नायल निवासी जानकी देवी द्वारा आर्थिक सहायता संबंधी शिकायतें भी दर्ज कराई गईं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

