चम्पावत : 84 वर्षीय बुजुर्ग की समस्या पर जिलाधिकारी सख्त, मौके पर जांच और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनता मिलन में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सुनीं 76 शिकायतें, अधिकांश मामलों का मौके पर ही कराया निस्तारण
चम्पावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया तथा शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनता मिलन में हरम निवासी सूरज सिंह ने झुके हुए पेड़ों के कारण असुरक्षित बिजली लाइनों से दुर्घटना की आशंका जताई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को तत्काल लाइन ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को जनपद में टूटे एवं झुके पेड़ों की सूची तैयार कर विद्युत विभाग के जेई एवं एई के माध्यम से गांव-गांव कैंप लगाकर खतरनाक पोलों एवं लाइनों का चिन्हीकरण कर उन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

ग्राम बस्कूनी निवासी कमल किशोर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को तत्काल पात्रता की जांच कराने के निर्देश दिए, जिस पर बताया गया कि जुलाई माह से लाभ प्रदान किया जाएगा। जिला अस्पताल चम्पावत के निकट निवासी प्रकाश सिंह बिष्ट ने एनएच-09 के सामने बने खुले कलवर्ट से हो रही परेशानी की शिकायत की। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को 26 मई तक कार्य पूर्ण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। ग्राम चौड़ीराय की ग्राम प्रधान जानकी राय ने क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती गतिविधियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने वन विभाग को गश्त बढ़ाने तथा पिंजरा लगाने की त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ग्राम खर्ककार्की निवासी भगवान राम ने पारिवारिक भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार चम्पावत को अगले ही दिन निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बालेश्वर वार्ड निवासी बबीता प्रहरी ने अपने पति के उपचार में सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने समाज कल्याण अधिकारी एवं मुख्य चिकित्साधिकारी को सुशीला तिवारी अस्पताल में बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लोहाघाट निवासी ललित मोहन द्वारा गलत चालान किए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने एआरटीओ को मामले की जांच कर गलत चालान तत्काल निरस्त करने के निर्देश दिए।
खेतीखान निवासी 84 वर्षीय माधवानंद गहतोड़ी ने आवासीय परिसर में पड़ोसियों द्वारा दूषित पानी एवं गंदगी छोड़े जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लोहाघाट को सार्वजनिक उपद्रव (पब्लिक न्यूसेन्स) के तहत कार्रवाई करते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी एवं स्वजल विभाग को सोख्ता गड्ढा अथवा नाली निर्माण कर प्राथमिकता के आधार पर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। गिरीश चंद्र जुकरिया निवासी पऊ ने मकान में आग लगने से हुई क्षति के मुआवजे की मांग की, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लोहाघाट एवं वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डूंगरी फर्त्याल निवासी प्रकाश सिंह ने अपनी पुत्री के कैंसर उपचार हेतु आर्थिक सहायता की मांग की। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी लोहाघाट को प्रधानमंत्री राहत कोष एवं मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता उपलब्ध कराने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ग्राम रुद्रमाली निवासी कमल सिंह नेगी द्वारा बीपीएल खाद्य सुरक्षा राशन कार्ड बनवाने की मांग पर जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित कराते हुए जिला पूर्ति अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त कमल भट्ट की राशन कार्ड संबंधी शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर जांच करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम फोर्ती निवासी हिमांशु विश्वकर्मा, बलवंत राम एवं बाबूराम द्वारा पेयजल समस्या, ग्राम नदेड़ा निवासी कंचन जोशी द्वारा रोजगार उपलब्ध कराने, ग्राम मल्ला बापरू निवासी गणेश दत्त द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, ग्राम बालातड़ी निवासी ललित प्रसाद द्वारा ठेकेदारी कार्यों के बकाया भुगतान तथा श्यामलाताल निवासी हरीश चंद्र जोशी द्वारा क्षेत्र में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने संबंधी शिकायतों पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश चौहान, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

