चम्पावत : आगामी वर्षाकाल में सुरक्षित व सुचारू यातायात के लिए नगर पालिका चम्पावत अलर्ट, विभिन्न वार्डों में नाली सफाई व झाड़ी कटान का कार्य जारी
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में तथा आगामी मानसून सीजन के दृष्टिगत जिलाधिकारी मनीष कुमार द्वारा दिए गए आदेशों के अनुपालन में जनपदभर में जलभराव की समस्या से निपटने और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा नगरीय क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले विभिन्न मार्गों, नालियों और कलवर्ट (पुलियों) की विशेष सफाई का कार्य तीव्र गति से संपादित किया जा रहा है, ताकि आगामी वर्षाकाल में आम जनमानस को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर पालिका परिषद चम्पावत से प्राप्त विवरण के अनुसार, इस विशेष अभियान के तहत ललुवापानी रोड तथा मुख्य पोस्ट ऑफिस के समीपवर्ती क्षेत्रों में नालियों की गहराई से सफाई सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही, सड़कों के किनारे उगी अनावश्यक झाड़ियों के कटान का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किया गया है, जिससे मोड़ों पर दृश्यता (विजिबिलिटी) बेहतर हो सके और संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


इसके अतिरिक्त, खटकना पुल के समीप और छतार क्षेत्र में भी नाली सफाई एवं झाड़ी कटान का कार्य किया गया है। नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस बात पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है कि जल निकासी के सभी पारंपरिक स्रोतों और नालियों में जमा सिल्ट व कूड़े को पूरी तरह से हटा दिया जाए, जिससे भारी वर्षा के दौरान भी पानी का प्रवाह सुचारू बना रहे और कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद चम्पावत भरत त्रिपाठी ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नालियों में कूड़ा न फेंकें और इस स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान में अपना सहयोग प्रदान करें।

