चम्पावत : विभिन्न मांगों को लेकर फार्मेसी अधिकारियों का आंदोलन जारी, काले फीते बांध जताया विरोध
चम्पावत। लंबित मांगों और विभागीय उपेक्षा के खिलाफ डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन (राजकीय फार्मेसी सेवा संघ) का आंदोलन जारी है। कुमाऊं मंडल की घोषणा के समर्थन में चम्पावत जनपद के समस्त फार्मेसी अधिकारियों ने लगातार दूसरे दिन भी बांह पर काला फीता बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया।
एसोसिएशन का आरोप है कि चारधाम यात्रा जैसे दुर्गम और महत्वपूर्ण ड्यूटी करने के बावजूद विभाग कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील नहीं है। फार्मेसी अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कुमाऊं मंडल के फार्मेसी कर्मियों का लगभग 20 लाख रुपये का यात्रा भत्ता (TA) लंबे समय से अटका हुआ है। जिलाध्यक्ष विष्णु गिरी ने कहा है कि हम जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं, लेकिन हमारी बुनियादी सुविधाओं और हक की अनदेखी की जा रही है।
20 मार्च को हमने पत्र के माध्यम से विभाग को चेताया था, लेकिन प्रशासन की चुप्पी ने हमें आंदोलन के लिए मजबूर कर दिया है। यदि समय रहते भुगतान और व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं, तो हम यात्रा ड्यूटी का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। भत्ते के साथ-साथ यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य कर्मियों के रहने और खाने की खराब स्थिति भी विरोध का मुख्य कारण बनी हुई है। जिला मंत्री रोशन लाल ने कहा कि यात्रा मार्ग पर हमारे साथियों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। आवास और भोजन की व्यवस्था दयनीय है। अभी हम शांतिपूर्ण तरीके से काला फीता बांधकर काम कर रहे हैं ताकि मरीजों को दिक्कत न हो। लेकिन हमारी सहनशीलता को कमजोरी न समझा जाए।
एसोसिएशन ने अपनी मांगों को लेकर एक चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार कर ली है।

एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा कि यदि इस गतिरोध के कारण आम जनता को कोई भी असुविधा होती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और शासन की होगी। फिलहाल, जिले के सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में फार्मेसी अधिकारी आक्रोश के साथ अपना कर्तव्य निभा रहे हैं। विरोध प्रदर्शन करने में जिला चिकित्सालय के जिला फार्मेसी अधिकारी कैलाश चंद्र नैलवाल, वरिष्ठ फार्मसी अधिकारी तान सिंह, उपाध्यक्ष मनोज पुनेठा, प्रमोद कुमार, टनकपुर में वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी जगदीश कुंवर, महेश भट्ट, अनिल गड़कोटी, संजय विश्वकर्मा, लोहाघाट में वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी मुकुल राय, किरण राय, सुनीता पाटनी, पाटी में प्रकाश सिंह खड़ायत, जनपद के अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेश कनौजिया, मनोज कुमार आर्या, भूपेश जोशी, कुलदीप, मृत्युंजय वर्मा, सुरेश पाटनी, त्रिभुवन उप्रेती, मनोज वर्मा, दीपक गिरी, नवीन गोस्वामी, राजेश वर्मा, गिरीश खर्कवाल, सुरेंद्र गोस्वामी, मनोज टम्टा, प्रेम टम्टा, प्रीतम लाल, ममता विश्वकर्मा, निर्मला ओली, ज्योतिश्री गहतोड़ी, प्रकाश भट्ट, दीपा धामी, शेखर सिंह सहित जनपद के सभी फार्मेसी अधिकारी शामिल रहे।

