नवीनतम

नाबालिग पीड़िता से जुड़े मामले में संवेदनशील सामग्री प्रसारित करने पर चम्पावत पुलिस सख्त, तीन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ FIR

ख़बर शेयर करें -

न्यायालय के आदेश पर पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज, पीड़िता की पहचान और निजता उजागर करने वालों पर होगी कार्रवाई

चम्पावत। नाबालिग पीड़िता से जुड़े न्यायालय में विचाराधीन मामले की संवेदनशील सामग्री सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने को लेकर चम्पावत पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में तीन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, पोर्टल्स और अन्य संबंधित माध्यमों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि इन प्लेटफॉर्म्स पर नाबालिग पीड़िता के बयानों और प्रकरण से संबंधित संवेदनशील सामग्री प्रसारित की जा रही थी, जिससे उसकी पहचान और निजता प्रभावित होने की आशंका थी।

Ad

पुलिस के अनुसार कोतवाली चम्पावत में दर्ज एफआईआर संख्या 15/2026 और 16/2026 से संबंधित नाबालिग पीड़िता के बयानों एवं अन्य तथ्यों को लेकर पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर खबरें और पोस्ट प्रसारित की जा रही थीं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण न्यायालय के संज्ञान में लाया। न्यायालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में कोतवाली चम्पावत में एफआईआर संख्या 60/2026 दर्ज की गई है। इसमें पॉक्सो अधिनियम की धारा 23 और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 73 के तहत कार्रवाई की गई है।

पीड़िता की पहचान उजागर न करने की अपील

चम्पावत पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, डिजिटल मीडिया संचालकों और आमजन से अपील की है कि नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाली कोई भी जानकारी, फोटो, वीडियो, ऑडियो, बयान, दस्तावेज या अन्य डिजिटल सामग्री प्रकाशित अथवा प्रसारित न करें। विचाराधीन मामले से जुड़े संवेदनशील तथ्यों को बिना वैधानिक अनुमति साझा करने से भी बचने को कहा गया है।

पुलिस ने अपुष्ट और भ्रामक खबरें प्रसारित न करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों से दूर रहने की हिदायत दी है। साथ ही स्पष्ट किया है कि नाबालिगों की पहचान, निजता और गरिमा की सुरक्षा सर्वोपरि है। कानून या न्यायालय के आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर

  • पुलिस आपातकालीन सहायता : 112
  • चाइल्ड हेल्पलाइन : 1098
  • महिला हेल्पलाइन : 1090
  • साइबर अपराध हेल्पलाइन : 1930
Ad

नवीन सिंह देउपा

नवीन सिंह देउपा सम्पादक चम्पावत खबर प्रधान कार्यालय :- देउपा स्टेट, चम्पावत, उत्तराखंड