नशा तस्करी के खिलाफ चम्पावत पुलिस का प्रहार, 10 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
चम्पावत। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्पावत पुलिस ने 10 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जनपद के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को नशा तस्करों के खिलाफ सतर्कता बढ़ाते हुए प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 18 सितंबर 2026 को क्षेत्राधिकारी चम्पावत के पर्यवेक्षण एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक, कोतवाली चम्पावत के नेतृत्व में चौकी चलथी पुलिस टीम द्वारा चौकी के सामने बैरियर पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 10 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरुण सिंह ग्वाल पुत्र पूरन सिंह ग्वाल, निवासी वार्ड नंबर-04, घंटाघर, पिथौरागढ़, उम्र 25 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली चम्पावत में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कठायत, प्रभारी चौकी चलथी, कांस्टेबल कमल नाथ तथा कांस्टेबल सीपी कुलदीप शामिल रहे।


