गड्ढामुक्त सड़कों को लेकर जिलाधिकारी ने ली समीक्षा बैठक, अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत के निर्देश
चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सड़कों को गड्ढामुक्त करने संबंधी निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने शुक्रवार को जिला सभागार में जनपद की सड़कों की स्थिति एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क मरम्मत एवं सुधार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को संबंधित सड़क मार्गों को दुरुस्त करने के साथ ही निर्माणाधीन कलवर्ट के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर गड्ढों अथवा निर्माण कार्यों के कारण आमजन को आवागमन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
बैठक में डीएलपी अवधि के अंतर्गत आने वाली सड़कों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के माध्यम से ऐसी सड़कों की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही एनपीसीसी को लंबित सड़क संबंधी कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग सहित सड़क निर्माण से जुड़े अन्य विभागों को अपने अधीन मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार पैचवर्क एवं मरम्मत कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों को भी शीघ्र दुरुस्त कर यातायात के लिए सुचारु बनाने पर विशेष जोर दिया।
ग्रामीण क्षेत्रों की छोटी सड़कों की स्थिति पर भी जिलाधिकारी ने विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने विकासखंड क्षेत्रों में छोटी ग्रामीण सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार मरम्मत एवं सुधार की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों को भी अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां भी सड़क पर गड्ढे अथवा मरम्मत की आवश्यकता सामने आए, वहां संबंधित विभाग को लिखित निर्देश जारी कर समयबद्ध तरीके से सड़क को गड्ढामुक्त कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और सुगम आवागमन से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
बैठक में एसडीएम बीसी पंत, एसडीएम नीतू डागर, अधिशासी अभियंता लोनिवि चम्पावत हितेश कांडपाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, अधिशासी अभियंता लोनिवि लोहाघाट मयंक तिवारी, अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी, अधिशासी अभियंता एनएच विभोर गुप्ता, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई बीसी नैनवाल, सभी खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। एसडीएम टनकपुर प्रमोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

