चम्पावत को वर्षों पुराने कूड़े के ढेर से मिलेगी मुक्ति, ललुवापानी रोड पर आधुनिक मशीनों से वैज्ञानिक निस्तारण कार्य शुरू
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘आदर्श चम्पावत’ की परिकल्पना को धरातल पर उतारने और जिलाधिकारी मनीष कुमार के दिशा-निर्देशों के क्रम में शनिवार को चम्पावत नगर के लिए नई शुरुआत हुई। नगर को लंबे समय से चली आ रही गंदगी और कूड़े की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति दिलाने के लिए ललुवापानी रोड स्थित डंपिंग साइट पर नगर पालिका परिषद चम्पावत द्वारा वर्षों से एकत्रित पुराने कूड़े (Legacy Waste) के वैज्ञानिक विधि से निस्तारण का कार्य विधिवत रूप से आरम्भ कर दिया गया है। नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी की उपस्थिति में शुरू हुए इस सराहनीय कार्य से अब विगत कई वर्षों से जमा कूड़े के विशाल ढेर का तीव्र गति से निस्तारण होना शुरू हो गया है।
इस विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आधुनिक तकनीक और भारी मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 10 से अधिक मीट्रिक टन पुराने कूड़े को पूरी तरह उपचारित कर उसका स्थाई निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इस पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए जेसीबी और पोकलेन जैसी हैवी मशीनों को मौके पर तैनात किया गया है, जिनकी सहायता से कूड़े को अलग-अलग श्रेणी में बांटकर उसका वैज्ञानिक ढंग से निस्तारण किया जा रहा है।


प्रशासन के इस कदम से चम्पावत नगर में लंबे समय से पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को प्रभावित कर रही कूड़े की जटिल समस्या का हमेशा के लिए स्थाई समाधान हो सकेगा, जिससे ‘आदर्श चम्पावत’ के संकल्प को और मजबूती मिलेगी। कूड़ा निस्तारण कार्य दौरान सिटी मिशन मैनेजर महेश चौहान, अवर अभियंता आशीष धीमान सहित नगर पालिका के कर्मचारी और अन्य उपस्थित रहे।

