चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

चम्पावत में परिवहन सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए विशेष चेकिंग अभियान, एआरटीओ ने यात्रियों से लिया फीडबैक

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन और जनहितकारी निर्देशों के साथ ही जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में जनपद की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित, पारदर्शी और यात्री हितैषी बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। इसी क्रम में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) टनकपुर, मनोज बगोरिया के नेतृत्व में जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुगम सफर देना और वाहन संचालकों द्वारा की जा रही मनमानी पर रोक लगाना है।

अभियान के दौरान एआरटीओ मनोज बगोरिया ने खुद कमान संभालते हुए टैक्सी और मैक्सी कैब वाहनों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वाहनों में निर्धारित किराया सूची चस्पा होने की स्थिति जांची और यात्रियों से वसूले जा रहे किराये की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने चालकों और परिचालकों के व्यवहार को भी परखा। निरीक्षण के दौरान एआरटीओ ने विभिन्न वाहनों में सफर कर रहे यात्रियों से सीधा संवाद किया और उनसे यात्रा व्यवस्था, किराये तथा वाहन स्टाफ के व्यवहार को लेकर फीडबैक लिया। इस दौरान जिन वाहनों में किराया सूची चस्पा नहीं मिली या अन्य परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके खिलाफ मौके पर ही नियमानुसार चालान की कार्रवाई की गई।
एआरटीओ बगोरिया ने वाहन संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने वाहनों में निर्धारित किराया सूची को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें और यात्रियों के साथ हमेशा शिष्ट, विनम्र और सद्भावपूर्ण व्यवहार अपनाएं। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि परिवहन विभाग द्वारा तय किराये से अधिक वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता और यात्रियों से अपील की है कि यदि कोई भी वाहन संचालक तय दरों से अधिक किराया मांगता है या यात्रा के दौरान दुर्व्यवहार करता है, तो इसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग या पुलिस को दें।

Ad Ad

इस पूरे अभियान पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में संचालित सार्वजनिक परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता, अनुशासन और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता को सुरक्षित, सुगम और सही दरों पर परिवहन सुविधा मिलती रहे, इसके लिए आने वाले दिनों में भी इस प्रकार की नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी। इस विशेष चेकिंग अभियान में परिवहन उपनिरीक्षक आनंद सिंह बिष्ट और परिवहन आरक्षी सोनिया नेगी सहित परिवहन विभाग के अन्य कर्मचारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।