चंपावतजनपद चम्पावतटनकपुरनवीनतम

मुख्यमंत्री धामी ने डाडा ककनई में समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम का किया वर्चुअल शुभारंभ

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से राजकीय इंटर कॉलेज डाडा ककनई से नेस्ले इंडिया एवं बीएआईएफ (BAIF) के सहयोग से संचालित उत्तराखंड सीएसआर-2026 समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम (एचवीडीपी) का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ कर समग्र विकास को गति देना है।

कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री श्याम नारायण पांडे ने औपचारिक रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती तथा उपजिलाधिकारी टनकपुर प्रमोद कुमार ने क्षेत्रवासियों को योजना की रूपरेखा और इसके विभिन्न आयामों की विस्तृत जानकारी दी।

Ad Ad

इस दौरान स्वास्थ्य, स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ग्राम स्तरीय आधारभूत संरचना के विकास, महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

वर्चुअल संवाद के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। ग्राम ककनई निवासी जगदीश मेहरा और पवन मेहरा ने मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी सुझावों को रखा। मुख्यमंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

खराब मौसम के बावजूद कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में ग्रामीण कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुंदर सिंह बोहरा, दीपा जोशी, ग्राम प्रधान डाडा, ग्राम विकास अधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।