चम्पावत : गुरु पूर्णिमा पर चम्पावत के 75 प्रमुख मंदिरों में पहुंचा मुख्यमंत्री धामी का शुभकामना संदेश, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
चम्पावत। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से चम्पावत जनपद के लगभग 75 प्रमुख मंदिरों के पुजारियों और धर्माचार्यों को श्रद्धापूर्वक शुभकामना संदेश भेंट किया गया। इस दौरान प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण की कामना करते हुए मुख्यमंत्री ने आध्यात्मिक परंपरा, नैतिक मूल्यों और जनसेवा के संकल्प को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मंदिरों में होने वाली लोककल्याण की प्रार्थनाएं और आध्यात्मिक चेतना पूरे प्रदेश को सकारात्मक ऊर्जा एवं नई दिशा प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता की सेवा का दायित्व उन्हें ईश्वर की कृपा और संत-महात्माओं के आशीर्वाद से निष्ठा, समर्पण और धर्म के मार्ग पर निभाने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने समाज में नैतिक मूल्यों, शांति, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण में संतों एवं पुजारियों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने सभी पुजारियों के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर सानिध्य की कामना करते हुए प्रदेशवासियों के लिए उनके आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन की अपेक्षा भी व्यक्त की।










मुख्यमंत्री का शुभकामना संदेश कांतेश्वर मंदिर, गोलू देव मंदिर, नागनाथ मंदिर, बालेश्वर मंदिर, माँ हिंग्लादेवी मंदिर, डिप्टेश्वर मंदिर, ताड़केश्वर मंदिर, कालशन मंदिर, मल्लाडेश्वर मंदिर, माँ वाराही मंदिर (देवीधुरा), माँ पूर्णागिरि लड़ीधूरा मंदिर, पाताल रुद्रेश्वर मंदिर, ऐड़ी मंदिर, सूर्य मंदिर, मोस्टा मंदिर, झूमाधूरी मंदिर सहित जनपद के लगभग 75 प्रमुख मंदिरों में पहुंचाया गया।
इस अवसर पर मंदिरों के पुजारियों एवं धर्माचार्यों ने मुख्यमंत्री के शुभकामना संदेश के लिए आभार व्यक्त किया और प्रदेश की उन्नति, समृद्धि, जनकल्याण तथा सभी नागरिकों के सुख, शांति और मंगलमय जीवन के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

