उधमसिंह नगरनवीनतम

उत्तराखंड के हवलदार रोशन चंद का बीमारी से निधन, दिल्ली में ली अंतिम सांस

ख़बर शेयर करें -

खटीमा। क्षेत्र के ग्राम ऊंचीमहुवट निवासी और 20 असम राइफल्स में तैनात हवलदार रोशन चंद का लंबी बीमारी के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, 56 वर्षीय हवलदार रोशन चंद असम के चारद्वार क्षेत्र में 20 असम राइफल्स में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें आईटीबीपी रेफरल अस्पताल, नोएडा में भर्ती कराया गया था, जहां लगभग एक वर्ष से उनका उपचार चल रहा था। सोमवार को उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें शारदा अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन मंगलवार को उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

Ad Ad

दिवंगत सैनिक के साथ 20 असम राइफल्स में तैनात चकरपुर निवासी हवलदार मोहन चंद ने बताया कि हवलदार रोशन चंद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ऊंचीमहुवट लाया जा रहा है। यहां अंतिम दर्शन के बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ बनबसा शारदा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

हवलदार रोशन चंद के निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि सैन्य परिवार और क्षेत्र के लोगों में भी गहरा शोक है। उनके आवास पर पार्थिव शरीर के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंचने लगे हैं। अंतिम दर्शन के उपरांत उनकी अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें पंचतत्व में विलीन किया जाएगा। हवलदार रोशन चंद के निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने उन्हें कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और सरल स्वभाव का सैनिक बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।