चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

चम्पावत : रक्षाबंधन पर धूरा में होगा ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’, डीएम ने लिया तैयारियों का जायजा

ख़बर शेयर करें -

सीएम धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, हेलीपैड से लेकर सुरक्षा, पार्किंग और जनसुविधाओं तक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश

चम्पावत। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर जनपद के दूरस्थ गांव धूरा (चौड़ाकोट) में प्रस्तावित ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026’ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमापूर्ण बनाने के लिए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बुधवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

Ad Ad

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद शुरू कर दी है। डीएम ने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।

हेलीपैड से लेकर मंच तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर हेलीपैड, सेफ हाउस, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, यातायात व्यवस्था और बैरिकेडिंग समेत अन्य तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और आमजन के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

प्रवेश और निकास व्यवस्था पर विशेष जोर

डीएम मनीष कुमार ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के अलग-अलग प्रबंध, पर्याप्त पार्किंग तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग को भी प्रभावी तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़ का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।

स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान

जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल के आसपास साफ-सफाई की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सभी आवश्यक सुविधाओं की लगातार समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं उच्च स्तर की होनी चाहिए। किसी भी विभाग को सौंपे गए कार्य में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी तैयारियां समय से पूरी की जानी चाहिए।

मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण का अवसर

डीएम ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव’ मातृशक्ति के सम्मान, सहभागिता और सशक्तिकरण से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम को बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद

कार्यक्रम स्थल के निरीक्षण के दौरान दर्जा प्राप्त मंत्री मनोज कालाकोटी, दर्जा प्राप्त मंत्री हेमा जोशी, जिलाध्यक्ष महिला युवा मोर्चा दीपा जोशी, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि सुन्दर सिंह बोहरा, एसडीएम प्रमोद कुमार, अधिशासी अभियंता मोहन चन्द्र पलड़िया समेत जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। दूरस्थ क्षेत्र धूरा में प्रस्तावित इस आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर भी उत्साह देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का 27 अगस्त को चम्पावत दौरा, ‘सशक्त बहना उत्सव-2026’ में करेंगे प्रतिभाग

चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का दिनांक 27 अगस्त, 2026 (गुरुवार) को जनपद चम्पावत में एक दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है।
इस दौरान मुख्यमंत्री महिला सशक्तिकरण को समर्पित मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव-2026′ में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अपने प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम के अनुसार मा0 मुख्यमंत्री दोपहर 12:25 बजे चम्पावत के धूरा स्थित हैलीपैड पर पहुंचेंगे और इसके पश्चात रामलीला मैदान, धूरा में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दोपहर 02:15 बजे धूरा हैलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान लोहियाहेड, खटीमा के लिए प्रस्थान करेंगे।