माँ बाराही देवीधुरा बग्वाल मेले को लेकर यातायात व्यवस्था एवं पार्किंग प्लान जारी
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षित आवागमन के लिए चम्पावत पुलिस ने जारी किया विस्तृत ट्रैफिक प्लान
चम्पावत। ऐतिहासिक माँ बाराही देवीधुरा बग्वाल मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए चम्पावत पुलिस ने यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत ट्रैफिक एवं पार्किंग प्लान जारी किया है। मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, जाम की स्थिति से बचने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के लिए कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस के अनुसार देवीधुरा तिराहा से मुख्य बाजार और मंदिर की ओर सभी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए तिराहे पर बैरियर लगाया जाएगा।
हल्द्वानी रोड से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था
हल्द्वानी रोड से देवीधुरा आने वाले श्रद्धालुओं को कनवाड़ बैंड से हनुमान मंदिर तक शटल सेवा के माध्यम से आवागमन कराया जाएगा। इस मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग नंबर-01 और पार्किंग नंबर-02 निर्धारित की गई हैं। दोपहिया वाहनों को मेहरा होटल के पास पार्किंग नंबर-01 तथा आवश्यकता पड़ने पर पार्किंग नंबर-02 में खड़ा कराया जाएगा।
वहीं, खोलीखाड़ ग्राउंड से मुख्य बाजार की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके लिए खोलीखाड़ ग्राउंड के पास बैरियर लगाया जाएगा।
पाटी-लोहाघाट मार्ग से आने वाले वाहनों की पार्किंग
पाटी-लोहाघाट मार्ग से देवीधुरा पहुंचने वाले वाहनों के लिए पुलिस चौकी देवीधुरा के सामने तथा निर्धारित चौड़े स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
लोहाघाट से आने वाली टैक्सियों की सवारियों को पुलिस चौकी के पास बने बैरियर पर उतारा जाएगा और टैक्सियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा।
अति आवश्यक एवं विशिष्ट महानुभावों के वाहनों को निर्धारित परिक्रमा मार्ग से संचालित किया जाएगा। ऐसे वाहनों की पार्किंग संस्कृत महाविद्यालय ग्राउंड में की जाएगी।
जरूरत पड़ने पर इन मार्गों से होगा ट्रैफिक डायवर्ट
पुलिस के अनुसार कनवाड़ बैंड से हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर ढोलीगांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
देवीधुरा कस्बे में अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में हल्द्वानी से पाटी, लोहाघाट, पिथौरागढ़ और चम्पावत की ओर जाने वाले वाहनों को वालिक चेक पोस्ट से रीठाखाल–रिगलबैंड मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।
इसी तरह रिगलबैंड से हल्द्वानी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर रीठाखाल होते हुए वालिक चेक पोस्ट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पुलिस ने की सहयोग की अपील
चम्पावत पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़ा करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करना अनिवार्य होगा।


