चंपावतटनकपुरनवीनतमराजनीति

हल्द्वानी में मंच के ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में नगर कांग्रेस ने राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने का आरोप, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग

टनकपुर/चम्पावत। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के के कार्यक्रम के बाद मंच के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर ने विरोध जताया है। पूर्व विधायक व प्रदेश उपाध्यक्ष हेमेश खर्कवाल एवं नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार सक्सेना के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि के माध्यम से भेजकर घटना की निंदा की और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

Ad Ad

ज्ञापन में कहा गया है कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के के मंच से भाषण देने के बाद कुछ लोगों द्वारा उस स्थान का ‘शुद्धिकरण’ किया गया। कांग्रेस ने इसे केवल खरगे का अपमान नहीं, बल्कि संविधान की मूल भावना और सामाजिक समानता पर सीधा प्रहार बताया। नगर कांग्रेस कमेटी ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का लंबा राजनीतिक संघर्ष और सार्वजनिक जीवन संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उदाहरण है। ज्ञापन में कहा गया कि इस प्रकार की घटना उनके सम्मान को ठेस पहुंचाने के साथ-साथ समानता और सामाजिक समरसता को भी प्रभावित करती है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मंच का कथित ‘शुद्धिकरण’ करने वाले लोगों के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि जातिगत भेदभाव और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों के लिए देश में कोई स्थान नहीं है। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश सचिव सतीश पांडेय, जिला उपाध्यक्ष नीरज मिश्रा, नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।