विकासनगर में सड़क हादसा, भाजपा नेत्री मधु चौहान घायल; स्कॉर्पियो कच्चे नाले में गिरी
भारी बारिश के बीच बद्रीपुर-प्रतीतपुर के पास हुआ हादसा, चालक समेत तीन लोग थे सवार; अस्पताल में चल रहा उपचार
देहरादून। विकासनगर में देहरादून-पांवटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में भाजपा नेत्री और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मधु चौहान घायल हो गईं। वह विकासनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान बद्रीपुर-प्रतीतपुर क्षेत्र के पास उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी। हादसे में मधु चौहान के बाएं कंधे में चोट आई है, जबकि चालक समेत वाहन में सवार एक अन्य व्यक्ति को भी मामूली चोटें लगी हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:15 बजे मधु चौहान देहरादून से विकासनगर के लिए रवाना हुई थीं। उनकी स्कॉर्पियो देहरादून-पांवटा फोरलेन पर बद्रीपुर क्षेत्र के पास पहुंची ही थी कि अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण सड़क पर फिसलन बढ़ गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद स्कॉर्पियो सड़क से फिसलते हुए किनारे बने कच्चे नाले में जा गिरी।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने वाहन में सवार तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायल मधु चौहान को धर्मावाला स्थित स्वामी विवेकानंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक उनके कंधे में चोट आई है, जबकि अन्य दोनों घायलों की हालत सामान्य बताई जा रही है।
कोतवाली विकासनगर प्रभारी प्रदीप रावत ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में भारी बारिश के कारण सड़क पर हुई फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। हादसे की सूचना मिलते ही विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान अस्पताल पहुंचे और मधु चौहान का हालचाल जाना। बड़ी संख्या में समर्थक और शुभचिंतक भी अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुटी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस तरह स्कॉर्पियो सड़क से उतरकर कच्चे नाले में जा गिरी, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि राहत की बात रही कि वाहन में सवार सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

