चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

निकाय चुनाव : चम्पावत जिले की चार निकायों में भाजपा से 20 लोग कर रहे दावेदारी, कांग्रेस से एक दर्जन के करीब

Ad
ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। राज्य चुनाव आयोग की ओर से अचानक जारी की गई नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना के बाद दावेदारों के दिलों की धड़कनें बढ़ गईं। दावेदार टिकट पाने के लिए देहरादून तक पहुंच कर जुगत लगा रहे हैं। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी रणनीति बनाई जा रही है। शीर्ष नेताओं को फोन कर टिकट की घोषणा को लेकर संभावित प्रबलदारों में होने की जानकारी मांगी जा रही है। भाजपा में जहां चम्पावत, लोहाघाट, टनकपुर नगरपालिका और बनबसा नगर पंचायत में सभी संभावित दावेदारों की सूची आला कमान तक पहुंच गई है।

Ad

भाजपा के पास जहां जिले की चार निकाय में 20 उम्मीदवार अध्यक्ष पद की दौड़ में हैं। वहीं कांग्रेस के पास उम्मीदवार सीमित हैं। पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा का प्रबल उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन चल रहा है। आज या कल तक नामों की घोषणा होने की उम्मीद है।

भाजपा के संभावित उम्मीदवारों ने 19 दिसंबर को पर्यवेक्षक प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, पूर्व विधायक डाॅ. प्रेम सिंह राणा, निवर्तमान मेयर रामपाल रुद्रपुर के समक्ष पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रकाश तिवारी की पत्नी कविता तिवारी, निवर्तमान पालिकाध्यक्ष विजय वर्मा की पत्नी ममता वर्मा, पूर्व जिपं अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, चंचला अधिकारी, कविता गोस्वामी, तनुजा पुनेठा, निवर्तमान ज्येष्ठ उप प्रमुख मोनिका बोहरा, मणिप्रभा तिवारी, आशा तड़ागी ने दावेदारी पेश की है।

लोहाघाट नगरपालिका में निवर्तमान नगर पालिकाध्यक्ष गोविंद वर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली, पूर्व नपं अध्यक्ष भूपाल सिंह मेहता, राज्य आंदोलनकारी राजू गड़कोटी, पूर्व सभासद रेनू गड़कोटी ने अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की।

टनकपुर नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए विपिन कुमार वर्मा, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष रवि प्रजापति, बबीता गोस्वामी, मुकेश साहू, विनोद वर्मा, गिरीश खर्कवाल, विनोद बिष्ट और बनबसा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए विपिन लोहिया, अशोक कुमार, विनोद रत्नाकर, बिजेंद्र कुमार, रेखा वाल्मीकि, ओम पाल, शनि वाल्मीकि और राजेंद्र पाल अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष निर्मल माहरा ने कहा कि भाजपा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। नामों की घोषणा होते ही पार्टी उम्मीदवार के पक्ष में सभी जगह चुनाव प्रचार तेज कर दिया जाएगा।

कांग्रेस के पास तीन निकाय में 11 उम्मीदवार
चार नगर निकाय में अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस के पास 11 उम्मीदवार हैं। 22 दिसंबर को जिला प्रभारी पूर्व सांसद महेंद्र पाल के सामने पालिकाध्यक्ष के लिए कांग्रेस जिलाध्यक्ष की पत्नी नीमा कठायत, कांग्रेस महामंत्री निर्मल तड़ागी की पत्नी रीता तड़ागी, उपाध्यक्ष मोहन अधिकारी की पुत्रवधू पूजा अधिकारी ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी पेश की है।

लोहाघाट पालिका सीट के लिए लोकेश पांडेय, अमर सिंह कोटियाल, कैलाश सिंह माहरा और टनकपुर पालिका से हिमा वर्मा (हेमा वर्मा), बाबूलाल यादव, शैलेंद्र नाथ, नासिर हुसैन और बनबसा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के किसी ने सीधे तौर पर दावेदारी पेश नहीं की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन कठायत ने कहा है कि फैसला आला कमान के हाथ में है। नामों की घोषणा समय पर कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि बनबसा नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए एक दावेदार देवेंद्र का नाम आया है। अभी और नाम आने बांकी हैं।

Ad Ad Ad Ad