चंपावतटनकपुरनवीनतम

सीएम धामी ने टनकपुर में ‘पिंक ई-रिक्शा’ चालकों को सौंपी खुशियों की चाबी

ख़बर शेयर करें -

टनकपुर/चम्पावत। उत्तराखंड सरकार के सेवा, सुशासन एवं समर्पण के गौरवपूर्ण कार्यकाल के उपलक्ष्य में टनकपुर ऊचौलीगोठ के बूम क्षेत्र में सेवा पखवाड़े का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम्य विकास विभाग की ‘ग्रामोत्थान परियोजना’ (रीप) के अंतर्गत लाभार्थियों को विभिन्न लोक-कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामोत्थान की सामूहिक उद्यम योजना के तहत वितरित किए गए ‘पिंक ई-रिक्शा’ समारोह में विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री द्वारा जय माँ काली समूह (थ्वालखेड़ा) तथा ज्योति समूह (बनबसा) की 10 चयनित महिला लाभार्थियों को ई-रिक्शा की चाबियां सौंपकर इस अनूठी परिवहन गतिविधि का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लाभार्थी महिलाओं से संवाद करते हुए ई-रिक्शा के कुशल संचालन, वित्तीय प्रबंधन, रख-रखाव तथा भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।

Ad Ad

मुख्यमंत्री ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह परियोजना न केवल महिलाओं की आजीविका व आय में वृद्धि करेगी, बल्कि क्षेत्र के अन्य महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए भी आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अद्वितीय प्रेरणास्रोत साबित होगी। उल्लेखनीय है कि टनकपुर, बनबसा एवं मां पूर्णागिरी यात्रा मार्ग पर ई-रिक्शा के संचालन को सुगम बनाने हेतु ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से प्रत्येक समूह को कुल 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। इस वित्तीय संरचना में 6 लाख रुपये का परियोजना अनुदान तथा 3 लाख रुपये का बैंक ऋण शामिल है, जबकि शेष 1 लाख रुपये की धनराशि समूह द्वारा अंशदान के रूप में वहन की गई है।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती एवं अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मनोज कालकोटी द्वारा रीप की लघु उद्यम योजना के अंतर्गत चयनित ओम स्वायत्त सहकारिता (टनकपुर) को रिटेल आउटलेट की स्थापना हेतु तथा आशा स्वयं सहायता समूह (नायकगोठ) एवं वैष्णो स्वयं सहायता समूह (देवीपुरा) को सचल फूड वैन सह रेस्टोरेंट के संचालन के लिए कुल 18 लाख रुपये की परियोजना सहयोग राशि के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार, परियोजना निदेशक अजय सिंह, सहायक परियोजना निदेशक विम्मी जोशी, ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक प्रकाश पाठक, सुमित कुमार, अतुल, हिमांशु, सुनील, सचिन, नीरज पंत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम), रीप के ब्लॉक व फील्ड स्टाफ तथा बैंकिंग क्षेत्र के अधिकारी व बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।