चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमराजनीति

गोल्ज्यू देवता के दरबार से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद, चम्पावत में गणेश गोदियाल ने मांगा न्याय का आशीर्वाद

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने पहले चम्पावत दौरे की शुरुआत न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज के दरबार में मत्था टेककर की। टनकपुर से चम्पावत तक कार्यकर्ताओं के जोरदार स्वागत के बीच उन्होंने जनसंपर्क अभियान चलाया और गोल्ज्यू मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश में न्याय, सुख-समृद्धि और जनहित के लिए प्रार्थना की। इस दौरे को आगामी विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के संगठनात्मक अभियान और चुनावी सक्रियता का अहम संकेत माना जा रहा है।

रविवार को पहली बार चम्पावत पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल का टनकपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल के साथ टनकपुर से चम्पावत तक विभिन्न स्थानों पर जनसंपर्क करते हुए लोगों से मुलाकात की और संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया। चम्पावत पहुंचने के बाद गणेश गोदियाल सबसे पहले न्याय के देवता गोल्ज्यू महाराज के पावन मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उनके साथ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और सभी ने मंदिर में मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Ad Ad

मंदिर परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए गणेश गोदियाल ने कहा कि गोल्ज्यू देवता का दरबार न्याय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां लोगों द्वारा टांगे गए स्टाम्प पेपर और प्रार्थना पत्र इस बात के प्रमाण हैं कि जनता की न्याय में अटूट आस्था है। उन्होंने कहा, “मैंने भी प्रभु से प्रार्थना की है कि वे न्याय करें और प्रदेश की जनता के हित में सही निर्णय का मार्ग प्रशस्त करें।”

कांग्रेस की राजनीतिक रणनीति और प्रदेश के मुद्दों पर पूछे गए सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि उनका पूरे दिन चम्पावत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह मीडिया के समक्ष कांग्रेस की भावी रणनीति और प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखेंगे। प्रदेश अध्यक्ष के पहली बार चम्पावत आगमन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह दौरा आगामी चुनावों से पहले कांग्रेस के संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हो सकता है। इस दौरान पूर्व विधायक हेमेश खर्कवाल, विपिन जोशी, विनोद बडेला, मनीष महर आदि मौजूद रहे।