चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतमस्वास्थ

लोहाघाट अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती बुजुर्ग महिला की मौत, बिजली गुल होने पर जनरेटर देर से चलाने का आरोप

ख़बर शेयर करें -

परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप, विधायक खुशाल सिंह अधिकारी पहुंचे अस्पताल; जांच के बाद कार्रवाई की बात

लोहाघाट/चम्पावत। चम्पावत जिले के लोहाघाट उप जिला अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। परिजनों का कहना है कि बिजली गुल होने के बाद समय पर जनरेटर नहीं चलाया गया, जिससे ऑक्सीजन सप्लाई बाधित हुई और महिला ने दम तोड़ दिया।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार लोहाघाट के सुई पऊ गांव निवासी नंदा देवी (76) पत्नी ईश्वरी दत्त पिछले करीब एक माह से बीमार थीं। उन्हें 3 जुलाई को उपचार के लिए उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा था। परिजनों का आरोप है कि शनिवार सुबह अस्पताल की बिजली अचानक चली गई। इस दौरान जनरेटर चालू कराने के लिए महिला के बेटे ने अस्पताल कर्मचारियों से कई बार अनुरोध किया, लेकिन जनरेटर शुरू करने में देरी हुई। परिजनों का कहना है कि कुछ कर्मचारियों ने अलग-अलग बहाने बनाए, जबकि किसी ने डीजल नहीं होने की बात कही। उनका आरोप है कि ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित होने के कारण नंदा देवी की मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लोहाघाट के विधायक खुशाल सिंह अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर भाजपा जश्न मना रही है, वहीं दूसरी ओर अस्पताल में जनरेटर समय पर नहीं चलने से मरीजों की जान जा रही है। उन्होंने इसे सरकार की बड़ी विफलता बताते हुए कहा कि अस्पताल के चिकित्सक बेहतर कार्य कर रहे हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।

घटना के बाद सीडीओ डॉ. जीएस खाती और सीएमओ डॉ. देवेश चौहान भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

उप जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. विराज राठी ने बताया है कि अस्पताल के जनरेटर में पर्याप्त डीजल उपलब्ध था और जनरेटर पूरी तरह कार्यशील था। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया जनरेटर चलाने में कर्मचारी की लापरवाही सामने आ रही है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के आरोपों पर भाजपा नेताओं ने पलटवार करते हुए कहा है कि विधायक इस मामले को राजनीतिक रूप दे रहे हैं, जबकि महिला गंभीर रूप से बीमार थी। भाजपा नेताओं ने कहा अस्पताल के जनरेटर में पर्याप्त मात्रा में तेल था तथा वह चालू हालत में पाया गया। कहा एक कर्मचारी की गलती की वजह से यह घटना सामने आई है। वे मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। भाजपा नेताओं ने कहा घटना की जानकारी मिलते ही वह लोग अस्पताल पहुंचे तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर पूरी प्रशासनिक टीम अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी ली।

कहा धामी सरकार में लोहाघाट अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां का स्टॉक तथा विशेषज्ञ चिकित्सक मौजूद हैं और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा लोहाघाट विधायक अधिकारी सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। उन्हें जनता की समस्याओं से कुछ लेना देना नहीं है।

उधर, डीएम मनीष कुमार ने मामले का संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम चम्पावत, सीडीओ, सीएमओ के साथ अन्य अधिकारी लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचे तथा घटना की जानकारी ली। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने कहा अस्पताल के एक कर्मचारी की लापरवाही की वजह से यह घटना हुई है। उनके द्वारा दोषी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कहा कि अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध हैं। चिकित्सकों के द्वारा मरीज को बेहतर सुविधा दी जा रही है। इस दौरान दर्जा मंत्री सुभाष बगौली, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मला महरा, पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा, नगर मंडल अध्यक्ष गिरीश कुवर, चंद्रशेखर बगौली, दीपक नाथ सहित कई भाजपा नेता मौजूद रहे।