देवीधुरा में 23 अगस्त से शुरू होगा ऐतिहासिक बग्वाल मेला, डीएम ने व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश
चम्पावत। माँ वाराही शक्तिपीठ देवीधुरा में ऐतिहासिक असाड़ी कौतिक रक्षाबंधन बगवाल मेला-2026 आगामी 23 अगस्त से 4 सितंबर तक धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। मेले का औपचारिक उद्घाटन 23 अगस्त को सुबह 11 बजे होगा। मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। माँ वाराही शक्तिपीठ ट्रस्ट देवीधुरा के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मेले के सफल और सुचारू संचालन को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, सफाई, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। स्वास्थ्य विभाग को 24 घंटे मेडिकल टीम और एंबुलेंस तैनात रखने, जबकि जल संस्थान को निरंतर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
28 अगस्त को होगी ऐतिहासिक बगवाल
मेले का मुख्य आकर्षण विश्व प्रसिद्ध पारंपरिक बगवाल 28 अगस्त को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आयोजित होगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए डीएम ने पुलिस और मेला प्रशासन को कानून-व्यवस्था, सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने और सुरक्षा बलों की तैनाती पर भी विशेष जोर दिया गया है।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार 23 अगस्त को सांगी पूजन, 28 अगस्त को बगवाल पूजन, 29 अगस्त को डोले का पूजन एवं परिक्रमा तथा 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर भव्य झांकी निकाली जाएगी। मेले के दौरान जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। 25 अगस्त को बहुउद्देश्यीय शिविर, 30 अगस्त को नेत्र शिविर और 31 अगस्त को रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द के साथ मेले में शामिल होने तथा माँ वाराही का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।

