क्राइमदेहरादूननवीनतम

देहरादून : पत्नी से विवाद के बाद पति ने पाटल से वार कर की हत्या, फिर खुद पहुंचा पुलिस चौकी

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। डालनवाला थाना क्षेत्र के मोहिनी रोड में पत्नी से विवाद के बाद एक व्यक्ति ने धारदार पाटल से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति खुद आराघर पुलिस चौकी पहुंचा और पुलिस को पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार अयोध्या निवासी 38 वर्षीय रामजी पाल अपने परिवार और बच्चों के साथ 4/4 मोहिनी रोड स्थित एक मकान के सर्वेंट क्वार्टर में रहता था। बताया जा रहा है कि रामजी कई दिनों से काम पर नहीं जा रहा था। इसी बात को लेकर पिछले दो-तीन दिनों से उसका पत्नी सोनू पाल से विवाद चल रहा था।

बच्चों को स्कूल छोड़कर लौटा था घर

बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे रामजी बच्चों को स्कूल छोड़कर वापस घर लौटा। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी सोनू से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर रामजी गुस्से में आ गया और कमरे के पास रखे धारदार पाटल से पत्नी के गले पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने के कारण सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद रामजी ने हत्या में इस्तेमाल पाटल को झाड़ियों में फेंक दिया और खुद आराघर पुलिस चौकी पहुंच गया।

Ad Ad

पुलिस को बताया- ‘मैं आवेश में आ गया’

आरोपी ने पुलिसकर्मियों को पत्नी की हत्या करने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर मोहिनी रोड स्थित मकान पर पहुंची। रामजी ने कमरे का ताला खोला तो अंदर सोनू का शव पड़ा था। उसके मुंह और गले से खून निकल रहा था। पूछताछ में रामजी ने पुलिस को बताया कि पत्नी उसके साथ लड़ाई-झगड़ा कर रही थी। इसी दौरान वह आवेश में आ गया और पास में रखे पाटल से उस पर वार कर दिया। पुलिस को घटना की जानकारी देते-देते आरोपी भावुक हो गया और फूट-फूटकर रोने लगा। बताया गया कि बाद में आरोपी ने पुलिस को हत्या में इस्तेमाल पाटल भी खुद खोजकर बरामद कराया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

सीओ डालनवाला नितिन लोहानी ने बताया है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी रामजी पाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।

पुलिस सत्यापन व्यवस्था पर भी उठे सवाल

मामले में मकान मालिक की भूमिका और पुलिस सत्यापन व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया गया कि जिस कोठी के सर्वेंट क्वार्टर में रामजी पाल अपने परिवार के साथ रह रहा था, वहां रहने वाले परिवार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था।

हत्या के बाद पुलिस ने जब मकान मालिक से आरोपी और मृतका के पहचान पत्र मांगे तो वह भी उपलब्ध नहीं करा पाए। ऐसे में पुलिस अब मकान मालिक की लापरवाही और सत्यापन न कराने के कारणों की भी पड़ताल कर रही है।