नवीनतमनैनीतालहादसा

हल्द्वानी में सड़क हादसे में छात्रा की मौत, कार्रवाई न होने पर परिजनों ने शव रखकर लगाया जाम

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। बरेली रोड पर बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय बीकॉम छात्रा मीनाक्षी साहू की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार की टक्कर से ऑटो रिक्शा पलटने के बाद मीनाक्षी सड़क पर गिर गईं और पीछे से आ रहे दूसरे ऑटो के नीचे दब गईं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद बृहस्पतिवार को परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए मंडी चौकी के सामने शव रखकर बरेली रोड पर जाम लगा दिया। करीब आधे घंटे तक हंगामा चला। अधिकारियों के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव सड़क से हटाया।

Ad Ad

पार्लर से घर लौट रही थी छात्रा

तीनपानी डी-ब्लॉक निवासी संतोष कुमार साहू ने बताया कि उनकी बेटी मीनाक्षी बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ वह मंगलपड़ाव स्थित एक पार्लर से ब्यूटीशियन का कोर्स भी कर रही थी। बुधवार रात मीनाक्षी ऑटो रिक्शा से पार्लर से घर लौट रही थी। परिजनों के अनुसार नागपाल टावर के पास पीछे से आई एक अज्ञात कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ऑटो पलट गया और कार चालक मौके से फरार हो गया। ऑटो पलटने से मीनाक्षी सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रहे दूसरे ऑटो के नीचे वह दब गईं। चालक ने ब्रेक लगाए, लेकिन तब तक मीनाक्षी गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। मौके पर मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि उन्होंने बुधवार देर रात करीब एक बजे ही मंडी चौकी में तहरीर दे दी थी। इसके बाद सुबह सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी निकलवाई गई, लेकिन इसके बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। इसके बाद आक्रोशित परिजन और अन्य लोग शव लेकर मंडी चौकी के सामने पहुंच गए और हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। शुरुआत में चौकी पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। भीड़ बढ़ने के बाद कोतवाल विजय मेहता भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी बहसबाजी हुई।

स्थिति को देखते हुए एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र और सीओ सिटी अमित कुमार सैनी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद उन्होंने शव सड़क से हटाया और अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

राखी पर सूनी रह गई भाई की कलाई

मीनाक्षी के परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई शुभम और छोटी बहन हैं। बताया गया कि मीनाक्षी रोजाना पार्लर से लौटती थीं तो उनका भाई शुभम उन्हें तीनपानी से लेने आता था। बुधवार रात भी शुभम अपनी बहन के लौटने का इंतजार कर रहा था। उसे अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद उसे बहन की मौत की खबर मिलेगी। रक्षाबंधन के मौके पर परिवार में मातम पसरा है और भाई की कलाई भी सूनी रह गई।

हादसे को लेकर सामने आया दूसरा तथ्य

मीनाक्षी के पिता की ओर से बुधवार रात दी गई तहरीर में कार की टक्कर से ऑटो पलटने की बात कही गई थी। हालांकि बृहस्पतिवार को हंगामे के दौरान कुछ लोगों ने दावा किया कि ऑटो सड़क पर बने गड्ढे के कारण पलटा था और इसी वजह से हादसा हुआ।

हादसे की वास्तविक वजह और अज्ञात वाहन की भूमिका को लेकर पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच करेगी।

एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पूरे घटनाक्रम के संबंध में परिजन से दोबारा तहरीर मांगी गई है। जल्द प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि भीड़ को समझाकर हाईवे से हटाया गया और जाम खुलवाकर यातायात सुचारु करा दिया गया।