देहरादून: रोमियो लेन बार प्रकरण पर पुलिस मुख्यालय सख्त, 24 घंटे में मांगी रिपोर्ट
देहरादून। राजधानी के राजपुर क्षेत्र स्थित ‘रोमियो लेन’ बार में हुए हालिया घटनाक्रम को पुलिस मुख्यालय ने अत्यंत गंभीरता से लिया है। विभिन्न मीडिया माध्यमों में वायरल हो रही खबरों और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग अब कड़े रुख में नजर आ रहा है।
अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रकरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मुख्यालय ने इस पूरे घटनाक्रम की जड़ तक पहुँचने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप और एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल को स्थिति स्पष्ट करने के आदेश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने अगले 24 घंटे के भीतर पूरे मामले की विस्तृत और तथ्यात्मक रिपोर्ट (Factual Report) पेश करने को कहा है।
जानें क्या है पूरा मामला…
राजधानी में बार संचालकों की मनमानी रुकने का नाम नहीं ले रही। कुछ बार ऐसे भी हैं जिनके ऊपर कुछ आला अफसरों का वरद हस्त है। ऐसा ही एक वाकया शनिवार रात रोमियो लेन बार में देखने को मिला। यहां रात 12:30 बजे तक बार में जाम छलक रहे थे, तेज संगीत बज रहा था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार फोर्स के साथ बार पहुंचे तो एकाएक आईजी साहब उनके सामने आ गए। अपना रौब दिखाते हुए उन्होंने एसपी सिटी को वहां से जाने के लिए कह दिया। मामला अगले पल कप्तान प्रमेंद्र सिंह डोबाल के पास पहुंचा तो वह खुद लावलश्कर लेकर बार पहुंच गए। इसके बाद उन्होंने करीब एक बजे बार बंद कराया।
गत 30 मार्च ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की हत्या कर दी गई थी। यह घटना भी बार-पब की इसी मनमानी का नतीजा थी। आरोपी मसूरी रोड स्थित जेनजी बार में सुबह छह बजे शराब पीकर निकले थे। इस पर पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाई और सभी बार को रात 11 बजे तक की समय सीमा का पालन करने की चेतावनी दी गई। यही नहीं पुलिस ने कई बार और रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी अपने हाथ में ले ली। सीसीटीवी पर ही करीब 12:30 बजे रोमियो लेन के बाहर भीड़भाड़ का नजारा दिखा था। इस पर एसपी सिटी प्रमोद कुमार कई थानों की फोर्स लेकर बार बंद कराने पहुंच गए।
अगला पल उनके लिए भी चौंकाने वाला था। सामने आईजी साहब निकलकर आए जो खुद अपने दोस्तों के साथ वहां पार्टी कर रहे थे। एसपी सिटी ने बार खाली कराना चाहा तो आईजी ने उन्हें रौब दिखाया और फोर्स के साथ वहां से जाने के लिए है। आईजी साहब के इस दखल की जानकारी एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को मिली तो उनके गुस्से का ठिकाना न रहा। वह खुद बार पहुंचे और हाथ में डंडा थाम लिया। सारे स्टाफ को भूतल पर ले आए और भविष्य के लिए चेतावनी दी। तब तक आईजी वहां से जा चुके थे। बार की यह घटना वहां के सीसीटीवी कैमरों में कैद है।

