चंपावतजनपद चम्पावतनवीनतम

गुमदेश क्षेत्र में डिग्री कॉलेज, पेयजल योजना और मोटर मार्ग निर्माण की उठी मांग, संघर्ष समिति ने सौंपा ज्ञापन

ख़बर शेयर करें -

चम्पावत। गुमदेश विकास संघर्ष समिति ने नेपाल सीमा से सटे गुमदेश क्षेत्र के विकास से जुड़ी तीन प्रमुख मांगों को लेकर उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर को ज्ञापन सौंपा। समिति ने क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना, लंबित पेयजल योजना को शीघ्र संचालित करने तथा किमतोली-गौड़ी-चम्पावत मोटर मार्ग को पूरा कराने की मांग उठाई।

गुमदेश क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे परिषद अध्यक्ष एवं क्षेत्र के मूल निवासी हुकुम सिंह कुंवर का समिति की ओर से शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया गया। इस दौरान समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी ने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा। समिति ने कहा कि नेपाल सीमा से लगे गुमदेश क्षेत्र की लगभग 35 हजार आबादी है और यहां 12 राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) संचालित हैं। इन विद्यालयों से हर वर्ष करीब 400 छात्र-छात्राएं इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करते हैं, लेकिन उच्च शिक्षा के लिए उन्हें जिले से बाहर जाना पड़ता है। इसका सबसे अधिक असर छात्राओं की शिक्षा पर पड़ता है। ऐसे में क्षेत्र में एक राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना समय की आवश्यकता है।

Ad Ad

ज्ञापन में क्षेत्र की लंबे समय से लंबित पेयजल योजना को शीघ्र संचालित कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने की भी मांग की गई। समिति का कहना है कि कई गांव आज भी पर्याप्त पेयजल सुविधा से वंचित हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

इसके अलावा समिति ने किमतोली-गौड़ी-चम्पावत मोटर मार्ग को पूरा कराने की मांग दोहराई। समिति के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे होने के कारण गुमदेश क्षेत्र सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षेत्र को कम दूरी के माध्यम से जिला मुख्यालय चम्पावत से जोड़ने के लिए इस सड़क की लंबे समय से मांग की जा रही है। हालांकि वर्तमान में सड़क को केवल चिल्कोट गांव तक ही स्वीकृति मिली है, जिससे गुमदेश क्षेत्र की बड़ी आबादी को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। समिति ने चिल्कोट से किमतोली तक लगभग छह किलोमीटर सड़क को भी स्वीकृत कर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष ललित मोहन कुंवर, भाजपा के वरिष्ठ नेता मोहित पाठक, गुमदेश विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष माधो सिंह अधिकारी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।