उत्तराखण्डनवीनतमहरिद्वारहादसा

पुरानी इमारत का मलबा गिरने से PAC जवान की मौत, ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा

ख़बर शेयर करें -

मोहम्मद आदिल मलबे में दबे, उपचार के दौरान तोड़ा दम; परिवार में मचा कोहराम

हरिद्वार। रुड़की के धनोरी क्षेत्र में सोमवार को दर्दनाक हादसे में यूपी के बिजनौर निवासी PAC जवान मोहम्मद आदिल (32) की मौत हो गई। ड्यूटी के दौरान पुरानी इमारत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से आदिल मलबे में दब गए। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

Ad Ad

जानकारी के अनुसार बिजनौर के नहटौर क्षेत्र के बैरमाबाद गढ़ी गांव निवासी मोहम्मद आदिल PAC में जवान थे। सोमवार को ड्यूटी के सिलसिले में वह धनोरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज परिसर में ठहरी PAC की प्लाटून के साथ पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि आदिल परिसर के बाथरूम में गए थे, तभी पुरानी इमारत का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से वह उसके नीचे दब गए।

हादसे के बाद परिसर में मौजूद PAC जवानों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कलियर कोतवाल कमल मोहन भंडारी पुलिसकर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। PAC जवानों और स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव अभियान चलाकर काफी मशक्कत के बाद आदिल को मलबे से बाहर निकाला।

गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए हायर सेंटर भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

आदिल आठ भाई-बहनों में से एक थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। उनके मामा मोहम्मद जाकिर ने बताया कि आदिल सोमवार को ही ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रुड़की के लिए रवाना हो गए। सोमवार रात करीब 10 बजे शव गांव पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीण भी शोकाकुल परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे।

हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुरानी इमारत का हिस्सा किन परिस्थितियों में अचानक गिरा, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।