टनकपुर–बनबसा हाईवे का जिलाधिकारी मनीष कुमार ने किया निरीक्षण, संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
टनकपुर/चम्पावत। जनपद में आगामी मानसून सीजन को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार ने टनकपुर–बनबसा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मार्ग की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्ग को पूर्ण रूप से गड्ढामुक्त बनाने तथा सभी क्षतिग्रस्त हिस्सों पर शीघ्र मरम्मत एवं पेचवर्क कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून प्रारंभ होने से पूर्व टनकपुर बनबसा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवश्यक सुधार कार्य हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि वर्षाकाल के दौरान आमजन, यात्रियों एवं वाहनों की आवाजाही बाधित न हो। उन्होंने कहा कि सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरते हुए मार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। साथ ही जिन स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने अथवा जलभराव की आशंका बनी रहती है, वहां विशेष प्राथमिकता के साथ सुरक्षात्मक एवं मरम्मत कार्य पूर्ण किए जाएं।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित दुर्घटनाप्रवण एवं संवेदनशील स्थलों का भी निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे स्थानों पर चेतावनी एवं दिशा-सूचक साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि वाहन चालकों को समय रहते आवश्यक जानकारी मिल सके और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
जिलाधिकारी ने जगबुढा क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए अभी से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए, जिससे बरसात के समय लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग भी सुनिश्चित की जाए। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार, एई सिंचाई मनोज तिवारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

